अगले महीने यानी अगस्त में इंडियन मार्केट में कुछ बेहतरीन कार और बाइक्स की एंट्री होने वाली है। इनमें स्कोडा स्लाविया फेसलिफ्ट, महिंद्रा स्कॉर्पियो N फेसलिफ्ट के साथ एक इलेक्ट्रिक स्कूटर और यामाहा की दमदार बाइक भी शामिल है।
महिंद्रा स्कॉर्पियो N फेसलिफ्ट
महिंद्रा अपनी लोकप्रिय SUV स्कॉर्पियो N का फेसलिफ्ट मॉडल दिवस के आसपास पेश कर सकती है। नई स्कॉर्पियो N में एक्सटीरियर में हल्के बदलाव, नया फ्रंट डिजाइन और LED लाइटिंग देखने को मिल सकती है। केबिन में बड़ा टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और नए फीचर्स मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इसके 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 2.2-लीटर डीजल इंजन में किसी तरह के बदलाव की उम्मीद नहीं है।
स्कोडा स्लाविया फेसलिफ्ट
स्कोडा अपनी अपडेटेड स्लाविया फेसलिफ्ट को अगस्त के मिड में लॉन्च कर सकती है। नई स्लाविया में डिजाइन में हल्के बदलाव देखने को मिलेंगे। इसमें नई फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड हेडलैंप, नए अलॉय व्हील और ज्यादा प्रीमियम इंटीरियर मिलने की उम्मीद है। फीचर्स के तौर पर बड़ा डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और अपडेटेड इन्फोटेनमेंट सिस्टम दिया जा सकता है। सबसे बड़ा बदलाव इसके 1.0-लीटर TSI इंजन के साथ नए 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के तौर पर देखने को मिल सकता है, जबकि 1.5-लीटर TSI इंजन पहले की तरह 7-स्पीड DSG के साथ उपलब्ध रहेगा।
एमजी की नई हाइब्रिड SUV
जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया भी अगस्त में अपनी नई हाइब्रिड SUV को अनवील कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड या प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) पावरट्रेन वाली नई SUV ला सकती है। माना जा रहा है कि यह हाल ही में पेटेंट हुई MG Hector Hawk हो सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक ऑफिशियली मॉडल का नाम या स्पेसिफिकेशन के बारे में कुछ नहीं बताया है, लेकिन अगस्त में एमजी की ओर से बड़ा ऐलान होने की पूरी संभावना है।
यामाहा R2
यामाहा अगस्त में अपनी नई फुली-फेयर्ड स्पोर्ट्स बाइक R2 लॉन्च कर सकती है। यह बाइक R15 के ऊपर वाले सेगमेंट में आएगी। यह KTM RC 200 और Hero Karizma XMR जैसी बाइक्स को टक्कर देगी। इसमें करीब 200cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलने की उम्मीद है, जो लगभग 25 PS की पावर देगा। बाइक में डेल्टाबॉक्स फ्रेम, प्रीमियम सस्पेंशन और स्पोर्टी डिजाइन जैसे फीचर्स भी देखने को मिल सकते हैं।
एथर EL इलेक्ट्रिक स्कूटर
एथर एनर्जी अगस्त के आखिर तक अपना नया EL इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च कर सकती है। कंपनी इसे 450 सीरीज से नीचे वाले सेगमेंट में ला सकती है, जिससे यह एथर का सबसे किफायती इलेक्ट्रिक स्कूटर बन सकता है। फिलहाल इसकी बैटरी, मोटर और रेंज की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह उन ग्राहकों को आकर्षित करेगा जो कम कीमत में भरोसेमंद इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदना चाहते हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
