हुंडई अपनी बेस्ट-सेलिंग एसयूवी क्रेटा के नेक्स्ट-जनरेशन मॉडल (कोडनेम SX3) को मार्केट में उतारने की पूरी तैयारी कर रही है। हाल ही में नई क्रेटा को दक्षिणी स्पेन की सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है।
एसयूवी को मिला मस्कुलर अवतार
नई क्रेटा को कंपनी की लेटेस्ट ‘आर्ट ऑफ स्टील’ डिजाइन लैंग्वेज पर तैयार किया जा रहा है। इससे इसे काफी शार्प और एंगुलर लाइन्स मिली हैं। इसके फ्रंट में सीधा-सपाट हुड, नया ग्रिल और एच-शेप की एलईडी डीआरएल के साथ प्रोजेक्टर हेडलाइट्स देखने को मिलेंगी। साइड प्रोफाइल की बात करें तो इसमें थोड़ी ढलान वाली छत, बॉडी में छिपे रहने वाले फ्लश डोर हैंडल्स, गोल व्हील आर्च और बेहद स्पॉटी डुअल-टोन अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। वहीं, पीछे की तरफ रूफ स्पॉइलर, नई टेलगेट और फ्रंट की तरह ही एच-शेप वाली एलईडी टेललाइट्स मिलेगी जो इसे काफी बोल्ड लुक देती है।
हाई-टेक केबिन से होगी लैस
टेक्नोलॉजी के मामले में नई क्रेटा एक बड़ा लीप लेने जा रही है। न्यूज वेबसाइट rushlane में छपी एक खबर के अनुसार, यह कार सॉफ्टवेयर डिफाइंड व्हीकल (SDV) प्लेटफॉर्म पर बनेगी। इसका मतलब है कि इसके फीचर्स और सिस्टम को बिना किसी हार्डवेयर बदलाव के ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट्स के जरिए अपग्रेड किया जा सकेगा। इसके अलावा, केबिन में नया ‘प्लिओस कनेक्ट’ (Pleos Connect) सिस्टम मिलेगा। इसमें एक बड़ी प्राइमरी स्क्रीन होगी जो इंफोटेनमेंट और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दोनों का काम करेगी।
व्हीकल-टू-लोड भी मौजूद
ग्लोबल मार्केट्स के लिए नई क्रेटा में 1.6-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड GDI पेट्रोल इंजन के साथ स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम मिलेगा। इसमें सिंगल और डुअल इलेक्ट्रिक मोटर का ऑप्शन रहेगा। दो मोटर्स वाले वैरिएंट्स में ऑल-व्हील ड्राइव यानी eAWD का ऑप्शन मिलेगा। बता दें कि 2-व्हील ड्राइव (2WD) मॉडल जहां 154 PS की पावर देगा। वहीं, eAWD वेरिएंट में 178 PS की जबरदस्त पावर मिलेगी। इसके अलावा, कार से दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस चलाने के लिए V2L (व्हीकल-टू-लोड), रीजेनरेटिव ब्रेकिंग और एआई-पावर्ड वॉइस कमांड जैसे फीचर्स भी शामिल किए गए हैं।
कब हो सकती है लॉन्च?
भारतीय मार्केट की बात करें तो यहां नई-जनरेशन क्रेटा को 1.5-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन पर बेस्ड स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ पेश किया जाएगा। इसके साथ ही मौजूदा पेट्रोल और डीजल इंजन के ऑप्शन भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। हाइब्रिड इंजन आने से भारतीय ग्राहकों को बेहतरीन परफॉर्मेंस के साथ-साथ शानदार माइलेज भी मिलेगा। रिपोर्ट्स की मानें तो इस नई एसयूवी को इस साल के अंत तक या फिर 2027 की शुरुआत में भारतीय सड़कों पर लॉन्च किया जा सकता है।
(फोटो क्रेडिट- rushlane)
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
