मारुति सुजुकी एक के बाद एक ताबड़तोड़ लॉन्चिंग करने वाली है। कंपनी की अपकमिंग कारों में वैगन R फेसलिफ्ट के साथ एक नई 7 सीटर और एक इलेक्ट्रिक एमपीवी भी शामिल है। आइए जानते हैं इन कारों के बारे में।
Maruti YMC: 7-सीटर इलेक्ट्रिक एमपीवी
मारुति अपनी YMC इलेक्ट्रिक एमपीवी को जल्द लाने की तैयारी में जुटी है। यह कंपनी की e Vitara के बाद दूसरी इलेक्ट्रिक कार होगी। टेस्टिंग के दौरान दिखा मॉडल एसयूवी जैसा लग रहा है। इसमें ज्यादा ग्राउंड क्लीयरेंस, बड़े विंडोज और सीधी रूफ मिलेगी। YMC की लंबाई करीब 4.5 मीटर होने की उम्मीद है और यह e Vitara वाले HEARTECT-e प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होगी। इसमें 49kWh और 61.1kWh बैटरी पैक दिए जा सकते हैं। बड़े बैटरी पैक के साथ करीब 543 किलोमीटर की क्लेम्ड रेंज मिल सकती है। इसमें बड़ी टचस्क्रीन, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, इलेक्ट्रिक और वेंटिलेटेड सीट्स और पैनोरमिक ग्लास रूफ जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है। e Vitara के FWD सेटअप के मुकाबले YMC में RWD दिया जा सकता है।
Wagon R फेसलिफ्ट में नया इंजन
मारुति वैगन R के नए मॉडल पर भी काम शुरू हो चुका है। टेस्टिंग में दिखी कार काफी ज्यादा कवर्ड थी, लेकिन इसका मौजूदा टॉल-बॉय डिजाइन बरकरार रहने की उम्मीद है। इसमें नई ग्रिल, बदले हुए बंपर, नए अलॉय व्हील, नए कलर ऑप्शन और अपडेटेड लाइटिंग मिल सकती है। सबसे बड़ा बदलाव इंजन में देखने को मिल सकता है। मौजूदा 1.0-लीटर और 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन की जगह कंपनी अपना नया 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर Z-Series इंजन दे सकती है। यह इंजन 83hp की पावर और 112Nm का टॉर्क देता है। CNG का ऑप्शन भी जारी रहने की उम्मीद है। इसमें अंडरबॉडी सीएनजी टैंक दिया जा सकता है। केबिन में नया इन्फोटेनमेंट सिस्टम और अपडेटेड डैशबोर्ड मिल सकता है। सेफ्टी के लिए 6 एयरबैग, ABS के साथ EBD और ESP जैसे फीचर्स मिलेंगे। नई वैगन R को 2026 के खत्म होने से पहले लॉन्च होने की उम्मीद है।
ग्रैंड विटारा पर बेस्ड 7-सीटर SUV
मारुति एक बड़ी 7-सीटर एसयूनी भी तैयार कर रही है, जिसे फिलहाल Y17 कोडनेम दिया गया है। यह ग्रैंड विटारा पर बेस्ड होगी। यह कंपनी की सबसे बड़ी एसयूवी बन सकती है। इसका डेब्यू 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में होने की उम्मीद है। इसका व्हीलबेस करीब 2,740mm होगा और थर्ड रो में ज्यादा जगह देने के लिए पीछे का हिस्सा लंबा किया जाएगा। इसमें 6 और 7-सीटर दोनों ऑप्शन मिल सकते हैं। फीचर्स में 10.25-इंच टचस्क्रीन, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, वायरलेस चार्जर, हेड-अप डिस्प्ले, 360-डिग्री कैमरा और Level 2 ADAS शामिल हो सकते हैं। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल और 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन मिल सकते हैं। एसयूवी का सीएनजी ऑप्शन भी आने की संभावना है। इसकी कीमत करीब 18 से 25 लाख रुपये हो सकती है।
सस्ती इलेक्ट्रिक हैचबैक भी आएगी
मारुति एक छोटी इलेक्ट्रिक कार पर भी काम कर रही है, जिसे Vision e-Sky कॉन्सेप्ट के ऊपर तैयार किया जा रहा है। यह कंपनी की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार हो सकती है और Tata Tiago.ev के साथ MG Comet को टक्कर देगी। प्रोडक्शन मॉडल की लंबाई करीब 3.39 मीटर होने की उम्मीद है। इसमें कंपनी का K-EV प्लेटफॉर्म इस्तेमाल होगा। रिपोर्ट के मुताबिक इसमें करीब 29kWh की बैटरी और लगभग 270 किलोमीटर की रेंज मिल सकती है। हालांकि, बैटरी और रेंज से जुड़ी जानकारी अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.