अगर आपके कपड़ों पर चाय, तेल या गंदगी के दाग लग गए हैं. ऐसे दाग जिन्हें महंगे से महंगे डिटर्जेंट भी नहीं हटा पाते या अगर आपके चमड़े के जूतों और बैगों की चमक फीकी पड़ गई है, तो प्रकृति के पास इसका एक अचूक उपाय मौजूद है, जो किसी भी केमिकल वाले साबुन की तुलना में कहीं ज़्यादा असरदार और सुरक्षित होते हैं.
आधुनिकता के इस दौर में जहां महंगे डिटर्जेंट और रासायनिक साबुनों का बोलबाला है, वहीं भारत के ग्रामीण अंचलों में आज भी प्रकृति की गोद में छिपे ‘स्वच्छता के रत्नों’ का उपयोग किया जाता है. मध्य प्रदेश के विशाल और सघन वनों, विशेषकर छतरपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में, आज भी लोग कपड़ों और चमड़े की वस्तुओं को चमकाने के लिए किसी फैक्ट्री में बने साबुन पर नहीं, बल्कि जंगली फलों पर भी निर्भर हैं.

कुदरती सफाई का अनोखा विज्ञान : छतरपुर के जंगलों में हिंगोट, रीठा और इंगुआ जैसे पेड़ प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं. इन पेड़ों के फलों में प्राकृतिक रूप से ‘सैपोनिन’ पाया जाता है, जो पानी के संपर्क में आते ही किसी महंगे डिटर्जेंट की तरह ढेर सारा झाग पैदा करता है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इन फलों की सफाई करने की क्षमता इतनी असाधारण है कि यह जिद्दी से जिद्दी दागों को भी मिनटों में सोख लेते हैं.

चमड़े की चमक का पुराना राज : इन जंगली फलों का महत्व केवल कपड़ों तक सीमित नहीं है. प्राचीन काल से ही चमड़ा उद्योग (विशेषकर पारंपरिक जूता-चप्पल निर्माण) में इनका उपयोग होता आया है।. कच्चे चमड़े को साफ करने और उसे कोमल व चमकदार बनाने के लिए इन्हीं फलों के अर्क का इस्तेमाल किया जाता था. ये फल जंगलों में आसानी से और निःशुल्क उपलब्ध थे, इसलिए यह बेदाग चमड़ा प्राप्त करने का सबसे किफायती और प्रभावी तरीका माना जाता था.
Add News18 as
Preferred Source on Google

उपयोग की पारंपरिक विधि : इन फलों से सफाई करने का तरीका भी काफी दिलचस्प है. गांव वाले इन फलों को इकट्ठा करके पानी से भरे किसी बर्तन या टंकी में डाल देते हैं. इन्हें एक-दो दिन तक पानी में भीगने के लिए छोड़ दिया जाता है, ताकि इनके प्राकृतिक अर्क पूरी तरह से पानी में घुल जाएं. इसके बाद, गंदे कपड़ों को इस झागदार घोल में डुबो दिया जाता है। बिना किसी ज़ोरदार मेहनत या रगड़ाई के बस थोड़ी देर भिगोकर रखने से ही कपड़े एकदम दूध जैसे सफ़ेद और चमकदार हो जाते हैं.

हिंगोट और रीठा जैसे पेड़ों की एक खास बात यह भी है कि जंगली जानवर आमतौर पर इनके फलों से दूर रहते हैं, जिससे ये सुरक्षित रूप से फलते-फूलते हैं. ये फल न केवल रासायनिक प्रदूषण से मुक्त हैं, बल्कि कपड़ों के रेशों और त्वचा के लिए भी पूरी तरह सुरक्षित हैं.

आज भी अगर आप मध्य प्रदेश के इन जंगली रास्तों से गुजरें, तो आपको प्रकृति का यह ‘मुफ्त साबुन’ पेड़ों पर लटकता मिल जाएगा, जो सदियों से ग्रामीण जीवन की सादगी और स्वच्छता का आधार बना हुआ है.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.