Tecno Spark Go 3 Pro Review: टेक्नो ने अपना सस्ता फोन टेक्नो स्पार्क गो 3 प्रो भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। फोन की ऑरेंज कलर वेरिएंट काफी हद तक आईफोन वाला फील देता है। हमें इसका रिव्यू करने का मौका मिला। चलिए बताते हैं इसकी खूबियां और खामियां
प्रोडक्ट्स के सुझाव
Tecno Spark Go 3 Pro की शुरुआती कीमत 15,999 रुपये है, जो इसके 4GB रैम और 64GB स्टोरेज वाले वेरिएंट के लिए है।
इतनी है फोन की कीमत
इस फोन की शुरुआती कीमत 15,999 रुपये है, जो इसके 4GB रैम और 64GB स्टोरेज वाले वेरिएंट के लिए है। इसका एक और वेरिएंट भी है, जिसमें 4GB रैम और 128GB स्टोरेज है और उसकी कीमत 16,999 रुपये है। यह बजट सेगमेंट में खास तौर पर उन यूजर्स के लिए बनाया गया है जिन्हें रोजमर्रा के इस्तेमाल में मजबूती, अच्छी बैटरी और स्मूथ डिस्प्ले चाहिए। यह Burgundy Red, Eclipse Black, Sunrise Orange और Basalt Titanium जैसे कलर्स में उपलब्ध है।
फोन के बॉक्स के अंदर एक ऑरेंज कलर का बैक कवर भी आया है, जो सिलिकॉन का है और सॉफ्ट मटेरियल का बना है। साथ में डॉक्यूमेंटेशन और चार्जर भी है। बॉक्स के ऊपर भी कंपनी ने फोन के कुछ खास फीचर्स को हाइलाइट किया है। फोन के बैक पैनल पर कंपनी ने इसके सारे कलर्स को भी हाइलाइट किया है।
बेहतरीन डिजाइन और बॉडी भी सॉलिड
फोन का डिजाइन साफ-सुथरा और आकर्षक है। हमारे पास रिव्यू के लिए ऑरेंज कलर वेरिएंट आया, जो दिखने में आईफोन 17 प्रो जैसा लग रहा था। पहली नजर में हर किसी ने इसे आईफोन ही समझा और कई जानने वालों ने पूछा भी लिया कि आईफोन ले लिया क्या। यह कहना गलत नहीं होगा कि अगर आप दोस्तों के बीच आईफोन वाली झांकी जमाना चाहते हैं, तो यह फोन एक परफेक्ट ऑप्शन हो सकता है। इसका डाइमेंशन लगभग 168.3×79.2×8 एमएम है और वजन करीब 194 ग्राम है। हाथों में ग्रिप कंफर्टेबल है, लेकिन कई लोगों की इसकी चौड़ाई ज्यादा लग सकता है। फोन स्लीक प्रोफाइल के साथ आता है और चारों कोने राउंड हैं। साइज बड़ा है, इसलिए एक हाथ से इस्तेमाल थोड़ा मुश्किल हो सकता है, लेकिन बड़ी स्क्रीन पसंद करने वालों के लिए ठीक है।
सामने डिस्प्ले में ऊपर बीचोंबीच एक पंच-होल कटआउट दिया गया है। पीछे का पैनल मैट फिनिश का है और अच्छी बात यह लगी कि यह छूने में एकदम स्मूद फील दे रहा था और इस पर फिंगरप्रिंट भी नहीं पड़ रहे थे, यानी इसे कैसे भी यूज करो, फोन गंदा नहीं होगा। ओवरऑल फोन लुक वाइज तो हमें काफी बढ़िया लगा।
फोन के टॉप एज पर एक स्पीकर ग्रिल है। सबसे नीचे चार्जिंग के लिए टाइप-सी पोर्ट, स्पीकर ग्रिल और माइक्रोफोन लगा है। राइट साइड पर पावर बटन (जो फिंगरप्रिंट सेंसर का भी काम करता है) और वॉल्यूम रॉकर हैं और लेफ्टी में ऊपर सिम ट्रे है। पीछे बैक पैनल पर रैक्टेंगुलर शेप का कैमरा बंप है और इसके किनारे भी गोल हैं। इसमें एक तरफ कैमरा लेंस लगे हैं, तो दूसरी तरफ एलईडी फ्लैग लगा है। कैमरा मॉड्यूल को अलग दिखने के लिए इसमें चमकता हुआ ग्लास जैसा मटेरियल लगाया गया है।
फोन की बॉडी में भी अच्छी क्वालिटी के प्लास्टिक का यूज किया गया है। मजबूती की बात करें तो फोन IP68 और IP69 रेटिंग के साथ आता है, जो इसे धूल और हाई-प्रेशर वॉटर जेट से सुरक्षित रखता है। इतना ही नहीं, इसे SGS सर्टिफाइड 1.5 मीटर तक ड्रॉप रेसिस्टेंस रेटिंग भी दी गई है, यानी अगर फोन अचानक गिर भी जाए, तो यह झटका झेल लेगा और आसानी से टूटेगा नहीं। फोन IR ब्लास्टर (TV, AC आदि कंट्रोल करने के लिए) के साथ भी आता है।
डिस्प्ले बड़ा और स्मूद
फोन का डिस्प्ले काफी बड़ा है। इसमें 6.78-इंच का एचडी प्लस (लगभग 720×1526 पिक्सेल रिजॉल्यूशन) वाला आईपीएस एलसीडी डिस्प्ले है और अच्छी बात यह है कि यह 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट और 240 हर्ट्ज टच सैंपलिंग रेट के साथ आता है। इसकी पीक ब्राइटनेस करीब 580 निट्स है। स्क्रॉलिंग और वीडियो देखने में स्मूदनेस अच्छी लगती है। इसमें वेट-फिंगर टच सपोर्ट भी मिलता है, जिससे इसे गीली उंगलियों से भी चलाया जा सकता है। रिजॉल्यूशन एचडी प्लस ही है, इसलिए फुल एचडी प्लस जितनी शार्पनेस नहीं मिलती, लेकिन इस प्राइस रेंज में 120 हर्ट्ज डिस्प्ले काफी अच्छी बात है।
परफॉर्मेंस और सॉफ्टवेयर
फोन मीडियाटेक हीलियो G81 (12nm) प्रोसेसर, माली-G52 MC2 जीपीयू, 4GB LPDDR4X रैम (वर्चुअल रैम से 12GB तक) और UFS 2.2 स्टोरेज के साथ आता है। फोन में स्टैंडर्ड 4GB रैम है और इसे दो स्टोरेज वेरिएंट 64GB और 128GB के साथ बाजार में उतारा गया है। हालांकि, स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड से बढ़ाया जा सकता है। रैम को वर्चुअल 12GB तक बढ़ाया जा सकता है लेकिन इसमें अगर स्टैंडर्ड ही ज्यादा रैम मिलती, तो बढ़िया रहता, क्योंकि इस कीमत में स्टैंडर्ड 4GB रैम कई लोगों को बहुत कम लग सकती है। हालांकि, यह फोन रोजमर्रा के काम, जैसे कॉलिंग, सोशल मीडिया, यूट्यूब, वॉट्सऐप को बिना हैंग हुए संभाव सकता है। हल्के गेम्स भी चल जाते हैं, लेकिन हेवी गेमिंग या मल्टीटास्किंग में लिमिटेशन दिखती है, इसलिए इस फोन से ज्यादा हैवी गेम्स की उम्मीद न करें।
फोन एंड्रॉयड 16 पर बेस्ड HiOS पर चलता है। एक और खास बात यह है कि इसमें AI Voiceprint Noise Cancellation कॉलिंग का सपोर्ट मिलता है, जो बैकग्राउंड नॉइज को कम करने में मदद करता है, यानी कितनी भी भीड़ में कॉलिंग करो, आवाज साफ ही आएगी। एक बात ध्यान रहे, यह फोन 5G सपोर्ट नहीं करता। इसमें मीडियाटेक हीलियो G81 (4G) चिपसेट लगा है, जो सिर्फ 4G LTE नेटवर्क सपोर्ट करता है।
कैमरा बेसिक
कैमरा बेसिक है, जो कई लोगों को निराश कर सकता है। इसमें रियर में 13 मेगापिक्सेल कैमरा (f/1.8, ऑटोफोकस) और फ्रंट में 8 मेगापिक्सेल (f/2.0) है। अच्छी रोशनी में डिटेल और कलर रिक्रिएशन ठीक-ठाक है। पोस्ट-प्रोसेसिंग नेचुरल रहती है। लो लाइट में एवरेज परफॉर्मेंस है। यह बजट फोन के हिसाब से कैजुअल फोटोग्राफी और सेल्फी के लिए पर्याप्त है।
बैटरी और अन्य फीचर्स
फोन में 5200mAh बैटरी दी गई है, जो एक बार फुल चार्ज करने पर पूरे दिन आसानी से चल सकती है। फोन में 15W चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है, लेकिन बॉक्स में 10W का चार्जर ही मिलता है, इसलिए इसे फुल चार्ज में थोड़ा समय लगता है। दमदार साउंड के लिए, फोन में डुअल DTS स्पीकर्स दिए गए हैं, यानी अगर आप गाने सुनने के शौकीन हैं और बिना हेडफोन लगाए, सीधे फोन से ही गाने सुनना चाहते हैं, तो यह आपको निराश नहीं करेगा। फोन में 3.5 एमएम का हेडफोन जैक भी कंपनी ने हटा दिया है।
खरीदें या नहीं
लुक्स के मामले में Tecno Spark Go 3 Pro काफी बढ़िया और अलग दिखता है। इसकी सबसे बड़ी ताकत ड्यूरेबिलिटी (IP68/IP69 + ड्रॉप रेसिस्टेंस) है। डिस्प्ले भी बड़ा और स्मूद है और बैटरी भी अच्छी है। यह डिलीवरी, राइडिंग या आउटडोर काम करने वालों के लिए परफेक्ट ऑप्शन हो सकता है। नेगेटिव पॉइंट यह है कि इसमें 5G सपोर्ट नहीं मिलता है, और इसमें HD+ रिजॉल्यूशन वाला डिस्प्ले है और रैम भी सिर्फ 4GB (स्टैंडर्ड) है और चार्जिंग भी स्लो हैं। अगर आपको मजबूत और टिकाऊ बजट फोन चाहिए और हैवी गेमिंग और दमदार कैमरा आपकी प्राथमिकता नहीं है, और आईफोन वाला लुक चाहिए, तो बेशक इस फोन पर विचार कर सकते हैं।
Amazon पर फोन तगड़े डिस्काउंट के साथ मिल रहा है:
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.