सदागोपन रमेश का कहना है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट सीनियर खिलाड़ियों के फेल होने का इंतजार करता है। पूर्व भारतीय ओपनर रमेश ने एक काल्पनिक टी20 सीरीज का जिक्र किया।
‘टीम मैनेजमेंट इंतजार करता है कि…’
रोहित ने लॉर्ड्स में आयोजित तीसरे वनडे में 110 गेंदों में 138 रनों की ऐतिहासिक शतकीय पारी खेली थी। मैच से पहले अटकलें थी कि वह लॉर्ड्स वनडे के बाद संन्यास ले सकते हैं। हालांकि, बीसीसीआई ने अफवाहों को निराधार करार दिया था। रमेश ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए वीडियो में कहा, ”समस्या सिलेक्शन के पैरामीटर्स की है। ऐसा लगता है कि मैनेजमेंट 25 साल से कम उम्र के खिलाड़ियों के सफल होने का इंतजार करता है, जबकि 35 या उससे ज्यादा उम्र के खिलाड़ियों के मामले में वे बस एक बार फेल होने का इंतजार करते हैं। स्पष्ट है कि सिलेक्शन में उम्र एक अहम भूमिका निभा रही है। ऐसा लगता है कि लगातार अच्छा खेलने वाले 35 साल के खिलाड़ी से कहा जाता है कि वह अपनी जगह किसी ऐसे 25 साल के खिलाड़ी के लिए छोड़ दे जिसका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है।”
‘टी20 वर्ल्ड कप में उतरते समय…’
उन्होंने आगे कहा, ”टी20 वर्ल्ड कप में उतरते समय अभिषेक शर्मा दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज थे। लेकिन उसके बाद 18 पारियों में उनका औसत सिर्फ 18 रहा है। इस दौरान उन्होंने सिर्फ तीन अर्धशतक लगाए, जो चिंता की बात है। संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था, फिर भी सिर्फ तीन बार फेल होने पर टीम से बाहर कर दिया गया। अगर रोहित शर्मा लॉर्ड्स वनडे में फेल हो जाते तो उनके भी टीम से बाहर होने की पूरी संभावना थी। इस बीच, अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन में गिरावट आती रही।”
ऐसी सीरीज हुई तो 30 प्लस वाले जीतेंगे
पूर्व ओपनर ने काल्पनिक टी20 सीरीज का जिक्र करते हुए सीनियर खिलाड़ियों की अहमियत पर जोर दिया और कहा कि युवाओं की कलई खुल जाएगी। भारत के लिए 19 टेस्ट और 24 वनडे खेलने वाले रमेश ने कहा, ”अगर 30 साल से ज्यादा उम्र के खिलाड़ियों वाली टीम और युवा खिलाड़ियों वाली टीम (जिन्हें मैनेजमेंट फ्यूचर मानता है) के बीच टी20 मैच हो तो काफी कुछ क्लियर हो जाएगा। सीनियर टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़ी हों। तीन या पांच मैचों की सीरीज से निरंतरता का पता चल जाएगा। 30 प्लस उम्र वाले खिलाड़ियों की टीम ही निश्चित रूप से जीतेगी।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.