आज बप्पा का स्वागत करने के बाद अगर आप अपने परिवार के साथ कोई फिल्म देखना चाहते हैं तो आप बिल्कुल सही जगह आए हैं। आइए आपको साउथ की एक थ्रिलर फिल्म के बारे में बताते हैं।
फिल्म का नाम
इस फिल्म का नाम ‘गोधी बन्ना साधारण मायकट्टू’ (Godhi Banna Sadharana Mykattu) है। यूं तो ये फिल्म साल 2016 में रिलीज हुई थी, लेकिन आज भी लोग इस फिल्म को एक-दूसरे को रिकमंड करते हैं।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी एक ऐसे बुजुर्ग की है, जो अल्जाइमर की बीमारी से जूझ रहे हैं और अचानक लापता हो जाते हैं। इसके बाद शुरू होती है उन्हें तलाशने की कहानी।
अनंत नाग का शानदार अभिनय
फिल्म की सबसे बड़ी खूबियों में से एक अनंत नाग का अभिनय है। उन्होंने वेंकोब राव का किरदार निभाया है, जो अल्जाइमर से पीड़ित हैं। उन्होंने इस किरदार को बहुत मासूमियत के साथ निभाया है।
पिता और बेटे के रिश्ते की कहानी
फिल्म में रक्षित शेट्टी ने वेंकोब राव के बेटे शिवा का किरदार निभाया है। शिवा अपनी कॉर्पोरेट नौकरी और व्यस्त जिंदगी में इतना उलझा हुआ है कि धीरे-धीरे अपने पिता से दूर होता चला जाता है। जब उसके पिता अचानक लापता हो जाते हैं, तो शिवा उन्हें तलाशने निकलता है। इसी सफर के दौरान उसे न सिर्फ अपने पिता के बारे में कई बातें समझ आती हैं, बल्कि वह अपने रिश्ते और अपनी गलतियों को भी नए नजरिए से देखने लगता है। फिल्म पिता-बेटे के रिश्ते और बिजी लाइफ में परिवार के लिए कम होते समय को बहुत अच्छी तरह दिखाती है।
इमोशन के साथ सस्पेंस और क्राइम
‘गोधी बन्ना साधारण मायकट्टू’ सिर्फ एक इमोशनल फैमिली ड्रामा नहीं है। फिल्म में क्राइम और थ्रिलर का मजबूत एंगल भी है। वेंकोब राव के लापता होने के बाद कहानी एक अलग मोड़ लेती है। वह अनजाने में एक कॉन्ट्रैक्ट किलर और उसके साथी के संपर्क में आ जाते हैं। इसके बाद एक तरफ शिवा अपने पिता को खोज रहा होता है, वहीं दूसरी तरफ कहानी में अपराध से जुड़े रहस्य धीरे-धीरे सामने आते हैं। यही सस्पेंस फिल्म को अंत तक बांधे रखता है।
क्यों देखनी चाहिए ये फिल्म?
‘गोधी बन्ना साधारण मायकट्टू’ उन फिल्मों में से है, जो बिना बड़े एक्शन सीक्वेंस या ग्लैमर के भी दर्शकों को बांधे रखती है। फिल्म में परिवार, रिश्ते और पछतावे को एक साथ पिरोया गया है। फिल्म की कहानी धीरे-धीरे आगे बढ़ती है, लेकिन जैसे-जैसे कहानी के राज खुलते हैं, दर्शक इसके साथ और जुड़ते जाते हैं। यही वजह है कि कन्नड़ सिनेमा की बेहतरीन फिल्मों की चर्चा होने पर इस फिल्म का नाम अक्सर लिया जाता है।
कहां देख सकते हैं ‘गोधी बन्ना साधारण मायकट्टू’?
अगर आप इमोशनल ड्रामा के साथ सस्पेंस और थ्रिलर पसंद करते हैं, तो ‘गोधी बन्ना साधारण मायकट्टू’ आपकी वॉचलिस्ट में शामिल हो सकती है। यह फिल्म जियोहॉटस्टार पर है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.