Share Market Today on July 27: हफ्ते के पहले दिन शेयर बाजार की ओपेनिंग जबरदस्त रही. 549 अंकों की बंपर तेजी के साथ बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 76608 के स्तर पर खुला. वहीं, एनएसई के 50 शेयरों वाले निफ्टी ने 160 अंक चढ़कर 23928 पर कारोबार की शुरुआत की.
आज एशियाई बाजार
अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य हमलों पर लगी अस्थायी रोक और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने एशियाई बाजारों को बड़ी राहत दी है. यही वजह है कि आज एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुझान देखने को मिल रहा है. जापान का निक्केई 225 0.3% की मामूली गिरावट के साथ लाल निशान में दिखा. हालांकि, टॉपिक्स ने 0.61% की बढ़त हासिल की. कोस्पी में भी 0.06% की तेजी आई है. इसी तरह से स्मॉल-कैप कोस्डैक 1.46% ऊपर रहा. हांगकांग हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स 25020 पर थे, जो शुक्रवार की क्लोजिंग 24963.23 से ज्यादा है.
वॉल स्ट्रीट का हाल
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव में कुछ कमी आने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद सोमवार सुबह बेंचमार्क से जुड़े US स्टॉक फ्यूचर्स बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं. डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज फ्यूचर्स में 244 अंक या 0.5% की बढ़ोतरी हुई. S&P 500 फ्यूचर्स में 0.6% की बढ़त देखी गई, जबकि नैस्डैक 100 फ्यूचर्स 1.2% ऊपर चढ़े.
इससे पहले 24 जुलाई को अमेरिकी शेयर बाजार मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे. इस दौरान डाऊ जोन्स 0.46% चढ़कर 51947.25 पर बंद हुआ. S&P 500 ने भी 0.05% की मामूली बढ़त हासिल की थी. हालांकि, नैस्डैक 0.64% टूटकर 24975.82 पर बंद हुआ था.
कच्चे तेल के दाम कम
आज कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट देखी जा रही है. वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड फ्यूचर्स 5.36% गिरकर 84.52 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहे हैं. वहीं, अगस्त डिलीवरी वाले ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 5% गिरकर 91.97 डॉलर पर ट्रेड कर रहे हैं, जो 100 डॉलर के अहम मनोवैज्ञानिक स्तर से काफी नीचे है. COMEX पर क्रूड की कीमतें 5.4% गिरकर 84.50 डॉलर प्रति बैरल पर आ गईं.
अमेरिकी डॉलर
छह विदेशी मुद्राओं के बास्केट के मुकाबले डॉलर की वैल्यू को मापने वाला US डॉलर इंडेक्स (DXY) आज 0.28% गिरकर 101.19 पर ट्रेड कर रहा है. यह इंडेक्स ब्रिटिश पाउंड, यूरो, स्वीडिश क्रोना, जापानी येन, स्विस फ्रैंक जैसी प्रमुख मुद्राओं की तुलना में US डॉलर की मजबूती या कमजोरी का आकलन करता है. 24 जुलाई को रुपया 0.28% मजबूत होकर डॉलर के मुकाबले 96.56 पर बंद हुआ था.
ये भी पढ़ें:
अब पेट्रोल-डीजल होगा सस्ता? क्रूड ऑयल में 5% से अधिक की बड़ी गिरावट
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.