घर पर तंदूरी रोटी बनाना बिल्कुल आसान है, अगर आप आटा ठीक से लगाना सीख लें। बिना खमीर के दही और कुछ चीजों से इस तरह आटा लगाएंगे तो बिल्कुल रेस्टोरेंट स्टाइल तंदूरी रोटी बनकर तैयार होगी।
बिना खमीर के कैसे लगाएं तंदूरी रोटी का आटा?
परफेक्ट रेस्टोरेंट स्टाइल तंदूरी रोटी बनाने के लिए सबसे जरूरी स्टेप है, इसका आटा सही से लगाना। आमतौर पर इसका आटा लगाने के लिए यीस्ट यानी खमीर का इस्तेमाल होता है। लेकिन अगर आपके पास खमीर नहीं है, तो भी आप कुछ इस तरीके से तंदूरी रोटी का सॉफ्ट आटा लगा सकते हैं। यहां हर चीज का माप और एड करने का तरीका ध्यान में रखें, तभी बिल्कुल ढाबे जैसी टेस्टी और सॉफ्ट तंदूरी रोटी बनकर तैयार होगी।
किन चीजों की होगी जरूरत: तंदूरी रोटी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- मैदा (250 ग्राम), चीनी (1 चम्मच), नमक, बेकिंग सोडा (2 चुटकी), बेकिंग पाउडर (4 चुटकी), गाढ़ी दही (4 चम्मच), तेल (1 चम्मच)।
इस तरह लगाएं तंदूरी रोटी के लिए आटा
तंदूरी रोटी का आटा लगाने के लिए सबसे पहले एक परात में मैदा लें। उसमें बताई गई मात्रा में थोड़ी सी चीनी, नमक, बेकिंग सोडा और बेकिंग पाउडर एड करें। फिर थोड़ा सा तेल और दही मिलाएं। दही खट्टी होनी चाहिए, तभी इसमें बढ़िया से खमीर उठेगा। अब सभी चीजें अच्छे से मिक्स करें, फिर हल्के गर्म पानी की मदद से आटा गूंथ लें। आटे को थोड़ा सॉफ्ट ही गूंथना है।
जरूरी टिप- आटा गूंथने के बाद इसे कम से कम आधा घंटे के लिए ढककर छोड़ दें। इससे आटे में खमीर उठने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और आटा अच्छी तरह से सेट हो जाएगा।
तवे पर तंदूरी रोटी बनाने का तरीका
सबसे पहले आटे की एक लोई बना लें। फिर सूखी मैदा लगाकर इसे थोड़ा लंबा-लंबा बेल लें। एक साइड से आप इसमें कलौंजी और ताजा धनिया पत्ता डालकर बेल सकते हैं। अब रोटी की दूसरी साइड पर अच्छी तरह पानी लगाएं और गर्म तवे पर इसे सेंकने के लिए डाल दें। जब इसमें बुलबुले आना शुरू हो जाएं और ये अच्छी तरह फूल जाए, तो तवे को उल्टा कर के थोड़ा थोड़ा सा सेंक लें। जब इसपर हल्के सुनहरे रंग के स्पॉट्स आने शुरू हो जाएं, तो तंदूरी रोटी को तवे से हटा दें।
स्वाद की टिप- तंदूरी रोटी पर थोड़ा सा मक्खन या देसी घी लगाकर सर्व करें। बहुत ही अच्छा स्वाद आता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.