रक्षाबंधन के मौके पर घर में पूड़ी तो कई घरों में बनी होगी और उसमे से कुछ बची भी होंगी। इन बासी पूड़ियों को कोई नहीं खाता तो फेंकने की गलती ना करें। कम मेहनत में ऐसे मजेदार नाश्ते बनाकर तैयार करें। फटाफट हो जाएंगे चट।
बची हुई पूड़ियों से बनाएं कटलेट
8-10 पूड़ियां बच गई हैं तो इनकी मदद से मजेदार सा स्नैक्स बनाकर तैयार कर लें। जिसे चाय के साथ सब चटकारे लेकर खाएंगे और जो घरवाले बासी पूड़ियों को फेंकने की सलाह देते हैं वो हर बार इसे बनाने की डिमांड करेंगे। बस बची हुई 7-8 पूड़ी हो तो इसे मिक्सी के जार में छोटे टुकड़ों में करके डालें और पीसकर पाउडर जैसा बना लें। बस इस पाउडर में उबले आलू, प्याज बारीक कटा हुआ, हरा धनिया, बेसिक मसाले, नमक डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें और गोल-चपटा आकार देकर कटलेट तैयार करें। अब इसे फ्राई करें या एयर फ्रायर में क्रिस्पी कर लें। ग्रीन चटनी के साथ ये लाजवाब लगेगा।
मिनी टैकोज
बची हुई पूड़ियों से आप मिनी टैकोज भी बनाकर रेडी कर सकती हैं। बहुत आसानी से बनकर तैयार होगा। बस टैकोज के लिए उबले आलू और पनीर को मैशकर कुछ बेसिक मसाले डालें और कड़ाही में भून लें। अब पूड़ियों पर हरी चटनी, सॉस और मेयोनीज लगाकर ऊपर से तैयार आलू पनीर का मिक्सचर लगाएं और फोल्ड कर दें। बस तवे पर बटर डालकर मीडियम फ्लेम पर इसे क्रिस्पी कर लें। तैयार हो जाएंगे मिनी टैकोज।
बासी पूड़ियों से बनाएं मसालेदार चिप्स
पूड़ियां अगर ढेर सारी बच गई हैं तो इनकी मदद से चिप्स बनाकर तैयार करें। चिप्स बनाने के लिए पहले पूड़ियों को चौकोर या डायमंड छोटे शेप में कट कर लें। अब इन्हें तेल में डीप फ्राई कर लें या फिर एयर फ्रायर में तेल का हल्का स्प्रे डालकर फ्राई कर लें। अब ऊपर से नमक, मिर्च, चाट मसाला डालकर टॉस करें और गर्मागर्म चाय के साथ सर्व करें।
मिनटों में बनाएं दही पूड़ी
बासी पूड़ी बच जाए तो उसे बिना किसी मेहनत के फिर से खाने के लिए बना सकती है। ये टेस्टी रेसिपी सबको पसंद आएगी। पूड़ियों को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। फिर दही को लेकर उसे पानी डालकर थोड़ा पतला कर लें और उसमे काला नमक, भुना जीरा, पुदीने का पाउडर, लाल मिर्च पाउडर डालें। साथ ही ऊपर से तेल में जीरा, हींग, करी पत्ता डालकर तड़का लगाएं। इस दही में सारी पूड़ियों के टुकड़ों को डालकर आधे घंटे के लिए छोड़ दें फिर खाएं। इसका टेस्ट लाजवाब लगता है।
पूड़ी टोस्ट
थोड़ी सी मेहनत से आप मजेदार पूड़ी टोस्ट बनाकर तैयार कर सकती हैं। बस पूड़ियों को मिक्सी के जार में ग्राइंड कर लें। फिर उबले आलू को मैश करें, साथ ही ताजी-कटी हरी धनिया, नमक, जीरा और कुछ बेसिक मसाले स्वादानुसार डालकर अच्छी तरह से गूंथ लें। अब बेलन की मदद से इसे बेलकर चपटा कर लें और चोकौर टुकड़ों में काट लें। ये चौकोर टुकड़े तवे पर दो चम्मच तेल डालकर सेंक लें या एयर फ्रायर में क्रिस्पी कर लें। बस इस नाश्ते को सॉस के साथ सर्व करें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.