अक्सर हम ऐसे फल खरीद लेते हैं, जो बाहर से देखने में तो काफी पके हुए और मीठे दिखते हैं, लेकिन खाने पर उनका स्वाद बिल्कुल फीका ही लगता है। ऐसे में ये स्मार्ट टिप्स आपको जरूर पता होनी चाहिए। इनकी मदद से आप देखते ही मीठे फलों की पहचान कर लेंगे।
इस तरह खरीदें मीठा अनार
अनार खरीदते समय उसका क्राउन चेक करें। क्राउन यानी अनार का मुकुट जैसा हिस्सा। अगर ये हिस्सा हल्का खुला हुआ और अच्छी तरह फैला हुआ नजर आए, साथ ही हल्का सूखा हुआ भी हो तो अनार मीठा होने के चांस होते हैं। वहीं अगर ये हिस्सा पूरी तरह बंद हो और हरे रंग का हो, तो ये दर्शाता है कि अनार अंदर से पूरी तरह पका नहीं है।
मीठा संतरा खरीदने के लिए फॉलो करें ये टिप
संतरा खरीदते समय उसके बेली बटन यानी नीचे बने छोटे से उभरे हुए हिस्से को जरूर देखें। अगर ये स्पॉट थोड़ा अंदर की तरफ धंसा हुआ है, तो ये अच्छे फल का संकेत माना जा सकता है। साथ ही अगर संतरे में तेज और ताजी खुशबू आ रही है, और अपने आकार के हिसाब से इसका वजन भारी लग रहा है, तो इस फल के अंदर से मीठा और पका हुआ होने की संभावना ज्यादा है।
ड्रैगन फ्रूट को चेक कर के देखें
अच्छा और मीठा ड्रैगन फ्रूट खरीदने के लिए सबसे पहले इसकी पत्तियां चेक करें। इसके ऊपर लगी पट्टियां अगर एक दूसरे से थोड़ी दूर और खुली हुई नजर आएं, तो ये फल के अच्छी तरह पकने का संकेत होती हैं। इसके अलाव ड्रैगन फ्रूट को हाथ में दबाकर देखें, अगर ये थोड़ा नरम महसूस हो तो खाने में मीठा और स्वादिष्ट हो सकता है।
खरबूजा खरीदने के लिए ये चीजें चेक करें
खरबूजा खरीदते समय उसकी नेवल यानी नीचे वाले गोल हिस्से को देखें। अगर यहां हल्का भूरा रंग दिखाई दे तो ये खरबूजे के अच्छी तरह पकने का संकेत हो सकता है। इसके अलावा खरबूजे के सिरे को हल्का दबा कर देखें। अगर ये हिस्सा थोड़ा नर्म महसूस हो रहा है, तो ये अच्छे खरबूजे की पहचान हो सकती है। साथ ही खरबूजा खरीदते हुए इसकी मीठी खुशबू भी जरूर चेक करें।
पपीते का रंग बताता है बहुत कुछ
पपीता अंदर से मीठा और पका हुआ है या नहीं, इसे आप रंग देखकर देखकर चेक कर सकते हैं। अगर पपीते का छिलका हल्का नारंगी और पीले से रंग का है, जिसपर हरे रंग के धब्बे हैं, तो ये अच्छी तरह पके हुए होने का संकेत हो सकता है। साथ ही चेक करें कि इसे हल्का दबाने पर थोड़ा सा निशान बनना चाहिए।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.