मेट्रो स्टेशन, कैफे या होटल का फ्री Wi-Fi हमेशा सुरक्षित हो, यह जरूरी नहीं है। फेक Wi-Fi नेटवर्क के जरिए आपकी निजी जानकारी और ऑनलाइन अकाउंट्स को निशाना बनाया जा सकता है।
सम्बंधित सुझाव
पब्लिक Wi-Fi पर सबसे बड़ी चिंता फेक Wi-Fi नेटवर्क को लेकर होती है। साइबर अटैकर्स किसी लोकप्रिय जगह के असली नेटवर्क से मिलता-जुलता नाम रखकर अपना हॉटस्पॉट बना सकते हैं। यूजर नाम देखकर उसे असली नेटवर्क समझकर कनेक्ट कर सकता है। इसलिए मेट्रो स्टेशन या कैफे में Wi-Fi इस्तेमाल करने से पहले वहां के स्टाफ से नेटवर्क का सही नाम और कनेक्ट करने का प्रोसेस पूछ लेना बेहतर है।
एनक्रिप्शन यूज करती हैं वेबसाइट्स
समझना जरूरी है कि पब्लिक Wi-Fi से जुड़े होने का मतलब यह नहीं है कि आपकी सारी जानकारी तुरंत आसानी से चोरी हो जाएगी। आज ज्यादातर वेबसाइट HTTPS एन्क्रिप्शन यूज करती हैं, जिससे आपके डिवाइस और वेबसाइट के बीच भेजी जाने वाली जानकारी को सेफ रखने में मदद मिलती है। फिर भी नेटवर्क की सुरक्षा और वेबसाइट की सुरक्षा दो अलग-अलग चीजें हैं। इसलिए सिर्फ सिक्योर Wi-Fi कनेक्शन देखकर पूरी तरह टेंशन-फ्री नहीं होना चाहिए।
इस तरह के काम करने से जरूर बचें
पब्लिक Wi-Fi इस्तेमाल करते समय बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड से जुड़ा काम या दूसरे बेहद सेंसिटिव काम करने से बचना बेहतर है। खासकर अगर किसी वेबसाइट या पॉप-अप में अचानक पासवर्ड, बैंक डिटेल, कार्ड नंबर या दूसरी निजी जानकारी मांगी जाए तो तुरंत अलर्ट हो जाएं। HTTPS मौजूद होने के बावजूद कोई फेक पेज या वेबसाइट भरोसेमंद नहीं बन जाती।
ऑटो-कनेक्ट विकल्प को ऑफ रखें
फोन में Wi-Fi का ऑटो-कनेक्ट ऑप्शन बंद रखने में ही समझदारी है। इससे आपका फोन आसपास मौजूद किसी अनजान नेटवर्क से अपने आप कनेक्ट होने से बच सकता है। जरूरत पड़ने पर मोबाइल डेटा या अपना पर्सनल हॉटस्पॉट इस्तेमाल करना ज्यादा सुरक्षित विकल्प हो सकता है, खासकर तब जब आपको बैंकिंग या किसी जरूरी अकाउंट में लॉगिन करना हो।
इन बातों का ध्यान रखना भी जरूरी
साथ ही फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम और ऐप्स अपडेट रखना, हर अकाउंट के लिए मजबूत और अलग पासवर्ड इस्तेमाल करना और जहां संभव हो वहां टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू रखना चाहिए। अगर पब्लिक Wi-Fi का इस्तेमाल कर लिया है तो काम खत्म होने के बाद नेटवर्क को डिस्कनेक्ट करना और जरूरत ना होने पर उसे फोन की सेव्ड नेटवर्क लिस्ट से हटा देना भी अच्छा विकल्प है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.