जयपुर के 2 केंद्रों पर बिजली की खराबी के कारण बाधित हुई नीट-पीजी परीक्षा अब 5 सितंबर को दोबारा आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने इस गड़बड़ी की जांच के लिए 3 सदस्यीय समिति बनाई है।
आयुर्विज्ञान में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएएस) के अनुसार, प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए जयपुर में पांच सितंबर को अपराह्न तीन बजे दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। देश के 1,111 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई। इस दौरान जयपुर के सीतापुरा में मौजूद दो आईओएन डिजिटल जोन केंद्र पर परीक्षा कराने वाली एजेंसी और तकनीकी सहयोगी टीसीएस की वजह से बिजली आपूर्ति में आई समस्या के कारण 2,445 अभ्यर्थियों की परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। प्रभावित केंद्र आईओएन डिजिटल जोन आईडीजेड सीतापुरा (परीक्षा केंद्र संख्या 41682 और 41683) हैं।
केंद्र के परीक्षार्थियों ने दावा किया कि परीक्षा के दौरान उनके कंप्यूटर छह से सात बार बंद हुए। दोबारा चालू करने पर कुछ कंप्यूटरों पर कुछ ही सवाल दिखे और वे फिर बंद हो गए। परेशानी के बीच कई उम्मीदवार परीक्षा केंद्र बाहर आ गए और विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने परीक्षा की तकनीकी व्यवस्था पर सवाल उठाए। इस संबंध में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड ने (एनबीईएमस) कहा, प्रभावित छात्रों की फिर से परीक्षा ली जाएगी। इसमें सिर्फ प्रभावित उम्मीदवार शामिल होंगे।
दोबारा परीक्षा और बदले हुए प्रवेश पत्र समेत अन्य जानकारियां अभ्यर्थियों को अलग से दी जाएंगी। एनबीईएमस ने तकनीकी सहयोगी और परीक्षा केंद्र पर जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई के लिए बैठक भी बुलाई है।
सीतापुर स्थित केंद्र में परीक्षा शुरू होने में ही देरी हुई। परीक्षा सुबह नौ बजे शुरू होनी थी, लेकिन समुचित व्यवस्था न होने के कारण देरी हुई। परीक्षा शुरू होने के बाद भी कंप्यूटर बार-बार बंद होते रहे। इस बीच प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी केंद्र पहुंचे। जयपुर दक्षिण के सहायक पुलिस आयुक्त ललित शर्मा ने बताया कि हंगामे के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात की गई थी।
नीट पीजी की परीक्षा 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 339 शहरों में हुई। परीक्षा के लिए 2,73,096 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। हालांकि, 2.63 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए। सभी परीक्षा केंद्रों पर दिल्ली के द्वारका स्थित एनबीईएमएस के मुख्यालय के कमांड सेंटर से निगरानी की गई।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.