जन्माष्टमी की झांकी सजाने से पहले पूजा घर को साफ करना जरूरी होता है। तभी झांकी सुंदर दिखेगी। लेकिन मंदिर में अलग-अलग मूर्तियों, फोटो को फटाफट साफ करना है तो ये हैक रखें याद।
पीतल की मूर्तियां करें इमली से साफ
इमली को पानी में भिगो दें। भगवान की जो भी मूर्ति पीतल की हो उन्हें आप बस इस इमली के पानी में डालकर दस मिनट के लिए छोड़ दें। ध्यान रहे पानी अगर गुनगुना होगा तो और आसानी से चमकेंगी मूर्तियां। बस दस मिनट बाद इसे ब्रश या स्क्रब पैड से रगड़ दें। मूर्तियों की रंगत चमक जाएगी।
मिट्टी की मूर्ति और फोटो साफ करने का हैक
काफी सारे लोगों के पास गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति जो दिवाली पर लाई जाती है वो मंदिर में होती है मिट्टी की रहती है। इस मूर्ति को साफ करने के लिए बस दो चीजों की जरूरत होगी और मूर्ति चमकने लगेगी। बस कटोरी में गुलाबजल थोड़ा सा लें और उसमे दो से चार बूंद ग्लिसरीन की मिला दें। इसमे कॉटन पैड डुबोएं और मूर्तियों को रगड़कर साफ कर लें। साथ ही इसी घोल से मंदिर में लगी फोटोज को भी साफ किया जा सकता है।
चांदी की मूर्ति कैसे साफ करें
अगर मंदिर में आपके चांदी की मूर्ति रखी है तो वो अक्सर दीये और धूपबत्ती के धुएं से काली हो जाती है। इस चांदी की मूर्ति को साफ करना है तो दांत साफ करने वाला सफेद पाउडर मार्केट से खरीद लाएं और इसे मूर्तियों पर सूखा ही हाथ से रगड़ें। रगड़ते हुए पाएंगे कि सारी कालिख साफ हो रही और मूर्ति चमक कर सिल्वर दिखने लगी है। पांच से दस मिनट रगड़ने के बाद साफ पानी से धो लें। चांदी की मूर्तियां चमक जाएंगी।
लकड़ी के मंदिर की कालिख कैसे छुड़ाएं
मंदिर की मूर्तियां और फोटो साफ करने के बाद मंदिर की सफाई भी जरूरी होती है क्योंकि धूप और दीया से ये काला पड़ जाता है। इस कालिख को फटाफट छुड़ाने के लिए तारपीन के तेल में स्क्रब पैड को डुबोकर रगड़े। इससे मंदिर में जमी चिपचिपी कालिख साफ होगी और लकड़ी का मंदिर चमकने लगेगा।
पूजा के बर्तनों को बिना रगड़े साफ करें
पूजा के तांबे, पीतल के बर्तन को बिना रगड़े उसी काम के बीच में साफ करना है तो गेहूं के आटे में नींबू का रस और दही डालकर घोल तैयार करें और सारे बर्तनों पर इसका लेप लगाकर छोड़ दें। बाकी चीजों की सफाई करने के पंद्रह मिनट बाद बर्तनों को साफ कपड़े से पोंछें तो सारी गंदगी साफ हो जाएगी। बस साफ पानी से धोकर रख लें। इन सिंपल हैक की मदद से आपके पूजा घर और मंदिर में रखी मूर्तियों, फोटो की सफाई भी हो जाएगी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.