ड्रैगन फ्रूट और एवोकाडो सेहत के लिए सबसे फायदेमंद फल माने जाते हैं और लोग इन्हें चाव से खाते हैं। लेकिन कई बार ये फल अंदर से खराब या कम पके निकल जाते हैं। चलिए आपको इन्हें खरीदने का सही तरीका बताते हैं।
दुकानदार ने बताए 3 आसान तरीके
नोएडा में लगने वाली संडे मार्केट के दुकानदार रमन कुमार बताते हैं कि ज्यादातर लोग ड्रैगन फ्रूट का गुलाबी और एवोकाडो का भूरा-हरा छिलका खरीदकर ले लेते हैं। लेकिन इन फलों में कई और चीजों को भी देखना चाहिए, जिससे पता चल जाता है कि कही ये ज्यादा गले तो नहीं है। एवोकाडो के साथ अक्सर लोग धोखा खा जाते हैं और ये फल जल्दी पक जाता है। चलिए हम आपको दोनों फलों को खरीदने के 3 आसान तरीके बताते हैं।
एवोकाडो खरीदने के 3 टिप्स
- दबाकर करें चेक
एवोकाडो खरीद रहे हैं, तो सबसे पहले उसे दबाकर चेक करें। एवोकाडो हल्का सा दबाने पर अगर दब जाए, तब तो ये फल सही है। अगर दबाने पर ज्यादा पिलपिला या पिपका लगे, तो ये गला हो सकता है और सड़ा भी। ऐसा एवोकाडो न खरीदें।
- रंग से चुनें सही
गहरे काले-हरे रंग के एवोकाडो आमतौर पर पके हुए और खाने के लिए बिल्कुल तैयार होते हैं। चमकीले हरे और पत्थर जैसे सख्त दिखने वाले एवोकाडो कच्चे होते हैं, जिन्हें पकने में समय लगता है।
- डंठल से करें जांच
एवोकाडो की डंठल को हटाकर भी चेक करने का तरीका है। डंठल हटाकर देखेंगे अगर आपको नीचे हरा रंग दिख रहा है, तो फल फ्रेश है। अगर वह हिस्सा भूरा दिख रहा है, तो समझ लीजिए कि एवोकाडो ज्यादा गला-पका है।
ड्रैगन फ्रूट खरीदने के 3 तरीके
- छिलके का रंग देखें
ड्रैगन फ्रूट खरीदते समय हमेशा चमकदार गुलाबी या लाल रंग का छिलका देखकर ही फल खरीदें। अगर रंग फीका है या ज्यादा पीले धब्बे हैं, तो वह खराब हो सकता है।
- दबाकर करें चेक
ड्रैगन फ्रूट अगर कच्चा लेंगे, तो उसका स्वाद खट्टा और कम पका रहेगा। इसलिए फल को हल्का सा दबाकर देखें। वह थोड़ा मुलायम होगा, तो अंदर से ढंग से पका और मीठा होगा।
- वजन चेक करें
ड्रैगन फ्रूट की मिठास उसके वजन पर भी निर्भर करती है। अगर ड्रैगन फ्रूट का वजन भारी है, तो वह रसीला और मीठा हो सकता। अगर वजन हल्का है, तो वह कम रसीला होगा और गूदा भी कम होगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.