गणेश चतुर्थी से शुरू होने वाले 10 दिन के गणेशोत्सव के दौरान भक्त भगवान गणेश के अलग-अलग मंदिरों के दर्शन करने के लिए जाते हैं। ऐसे में अगर आप दिल्ली में रहते हैं तो जानिए बप्पा के कुछ फेमस मंदिरों के बारे में।
दिल्ली के फेमस 5 गणेश मंदिर
1) गणेश जी मंदिर, कनॉट प्लेस
कनॉट प्लेस का ये मंदिर पुराने दक्षिण भारतीय शैली के मंदिरों में से एक है। रिपोर्ट्स की मानें तो इस मंदिर की स्थापना 31 अक्टूबर 1952 को वी. शंकर अय्यर ने की थी और 1999 में इसकी मरम्मत हुई थी। इसे दिल्ली का पहला दक्षिण भारतीय मंदिर भी बताया जाता है। इस मंदिर में मुख्य तौर से भगवान गणेश की पूजा की जाती है। यहां होने वाला मंत्रोच्चार इस मंदिर की खासियत है। ये मंदिर लगभग सुबह 5 से 12 बजे और शाम 4 से 9:30 बजे तक खुला रहता है। मंदिर पहुंचने के लिए राजीव चौक या शिवाजी स्टेडियम मेट्रो सबसे नजदीक हैं।
2) श्री शुभ सिद्धिविनायक मंदिर, मयूर विहार फेज-1
ये मंदिर की चोल-द्रविड़ शैली की दक्षिण भारतीय वास्तुकला के लिए फेमस है। इस मंदिर का इतिहास सालों पुराना नहीं है लेकिन फिर भी ये जगह देखने लायक है। क्योंकि यह केवल गणेश मंदिर नहीं बल्कि एक पूरा दक्षिण भारतीय हिंदू मंदिर परिसर है। इसलिए अगर आपको गणेश जी के साथ-साथ दक्षिण भारतीय पूजा-पद्धति और कई देवी-देवताओं के दर्शन करने हैं, तो यह बहुत अच्छा ऑप्शन है। मंदिर खुलने की टाइमिंग सुबह 6 बजे से 11 बजे तक है और शाम को 5:30 से 8:30 बजे तक है।
3) श्री विनायक मंदिर, सरोजिनी नगर
शॉपिंग के लिए फेमस सरोजिनी नगर में भी भगवान गणेश का एक सुंदर मंदिर है। सरोजिनी नगर का प्रसिद्ध विनायक मंदिर। यहां नियमित दर्शन के साथ गणेश उत्सव के दौरान काफी अच्छी सजावट और धार्मिक एक्टिविटीज होती हैं। यहां दर्शन का समय सुबह 6:30 से 10:30 है और शाम को 5 बजे से 8:30 तक है। अगर आप मार्केट जाएं तो मंदिर के दर्शन भी करके आएं।
4) श्री सिद्धिविनायक मंदिर, द्वारका सेक्टर 12
सिद्धिविनायक मंदिर में दिल्ली की सबसे ऊंची गणेश प्रतिमाओं में से एक है। इस विशाल प्रतिमा की स्थापना 2012 में की गई थी। इस मंदिर के सबसे पास मेट्रो स्टेशन द्वारका सेक्टर 12 है, जहां से मंदिर की दूरी मात्र कुछ ही मिनटों की है। यहां आप पैदल या ई-रिक्शा से जा सकते हैं। मंदिर खुलने का समय सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक है।
5) श्री संकटहारा गणपत्ये मंदिर, वसुंधरा एन्क्लेव
श्री संकटहारा गणपत्ये मंदिर पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव में सिटी अपार्टमेंट के सामने स्थित एक फेमस गणेश मंदिर है। इस मंदिर में दो मंजिला हॉल हैं जिनमें लगभग 250 लोगों के बैठने की व्यवस्था है और समय-समय पर सांस्कृतिक व धार्मिक उत्सव मनाए जाते हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.