भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जार रही है। दूसरा मैच बुधवार को होगा। टीम इंडिया दूसरे टी20 में सीरीज में अजेय बढ़त बनाने और पांचवें गेंदबाज की समस्या का हल ढूंढने उतरेगी।
अय्यर को भरपाई करने में मशक्कत करनी पड़ी
जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने भी चोट से वापसी करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन भारत को इस महीने के आखिर में होने वाले एशियाई खेलों से पहले पांचवें गेंदबाज की समस्या का समाधान करना होगा। अय्यर को उस स्थान की भरपाई करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी क्योंकि ऑलराउंडर शिवम दुबे और नीतीश कुमार रेड्डी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। रेड्डी के दो ओवरों में 30 रन लुटाए जबकि आखिरी ओवर में गेंद संभालने वाले दुबे ने 21 रन दिए। अभिषेक ने भी एक ओवर किया। इस तरह तीनों ने मिलकर अपने चार ओवरों में 59 रन लुटाए। अर्शदीप, बुमराह, अक्षर पटेल और चक्रवर्ती के अच्छे प्रदर्शन से भारत को पांचवें गेंदबाजी के विकल्पों का खराब प्रदर्शन भारी नहीं पड़ा लेकिन भविष्य में टीम को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
सैमसन को मिल रही वैभव सूर्यवंशी से कड़ी चुनौती
बल्लेबाजी की बात करें तो अभिषेक ने अपनी तूफानी पारी से अपनी फॉर्म को लेकर उठ रही शंकाओं को दूर कर दिया। शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन ने अभ्यास के दौरान पीठ पर लगी मामूली चोट को दरकिनार करते हुए 33 गेंदों में 42 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन (10) को हालांकि टीम में अपनी जगह बनाए रखने के लिए बड़ी पारी खेलनी होगी। केरल के इस बल्लेबाज ने भारत की टी20 विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन इसके बाद उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा तथा उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से पहले चार पारियों में केवल 33 रन बनाए। सैमसन को शानदार फॉर्म में चल रहे युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें जल्द से जल्द बड़ा स्कोर बनाना होगा जिससे कि वह एशियाई खेलों के लिए अंतिम एकादश में अपनी जगह सुरक्षित बनाए रखें।
अफगानिस्तान टीम की किस चीज पर होगी नजर?
पहले मैच में अफगानिस्तान भारत के सामने कहीं नहीं टिक पाया। उसके बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। अगर उसे भारत को कड़ी चुनौती देनी है तो उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। रहमानुल्लाह गुरबाज और कप्तान इब्राहिम जादरान के जल्दी आउट होने से अफगानिस्तान दबाव में आ गया। उसने सातवें ओवर में ही 43 रन पर अपने आधे विकेट गंवा दिए थे। मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह उमरजई की साझेदारी ने उम्मीद जगाई, लेकिन उसके बाकी बल्लेबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने रविवार को कहा, ”हमने तीन ओवरों में अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसके बाद हम अच्छा योगदान नहीं दे पाए। हमने लगातार विकेट गंवाए और उन्होंने हम पर दबाव बना दिया। हमने बीच के ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन हम उतने रन नहीं बना पाए जितने हम चाहते थे।” मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई।
अफगानिस्तान: इब्राहिम जादरान (कप्तान), दरविश रसूली, नूर उल रहमान, रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नाइब, नांगेलिया खारोटे, अब्दुल्ला अम्हेदजई, फजलहक फारूकी, नवीन-उल-हक, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.