डॉऊ जोन्स में 1,100 अंकों से ज्यादा की गिरावट
बुधवार के कारोबार में डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1,100 अंक से अधिक टूट गया, जो अप्रैल 2025 के बाद इसकी सबसे बड़ी एक दिन की गिरावट रही। वहीं S&P 500 में 1.5% और नैस्डैक कंपोजिट में 1.7% की कमजोरी दर्ज की गई। टेक शेयरों पर दबाव इतना ज्यादा रहा कि नैस्डैक-100 अपने हालिया हाई से 10% से अधिक नीचे फिसलकर तकनीकी रूप से “करेक्शन” के दायरे में पहुंच गया।
फेड के फैसले से क्यों टूटा बाजार?
फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) ने 3.5% से 3.75% के दायरे में ब्याज दरों को स्थिर रखने का फैसला किया। हालांकि, तीन क्षेत्रीय फेड अधिकारियों ने इस फैसले पर असहमति जताई।
बाजार की सबसे बड़ी चिंता फेड चेयरमैन केविन वार्श की टिप्पणी रही। उन्होंने कहा कि महंगाई को तुरंत काबू करने के लिए फेड के पास कोई “जादुई समाधान” नहीं है और मुद्रास्फीति से लड़ाई लंबी चल सकती है। भविष्य में ब्याज दरों को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिलने से निवेशकों में निराशा फैल गई।
बॉन्ड यील्ड 2007 के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर
फेड के फैसले के बाद अमेरिकी 30 वर्षीय बॉन्ड यील्ड बढ़कर 5.2% पर पहुंच गई, जो 2007 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं 10 वर्षीय बॉन्ड यील्ड भी बढ़कर करीब 4.7% हो गई। दूसरी ओर डॉलर में कमजोरी आई, जबकि सोना और चांदी की कीमतों में हल्की मजबूती देखी गई।
माइक्रोसॉफ्ट ने किया खुश, शेयर 9 प्रतिशत उछला
बाजार बंद होने के बाद आए तिमाही नतीजों में माइक्रोसॉफ्ट ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया। कंपनी का आउटलुक मजबूत रहा और उसने अपने निवेश की योजना 175 अरब डॉलर पर बरकरार रखी। इसके बाद आफ्टर-मार्केट ट्रेडिंग में माइक्रोसॉफ्ट का शेयर करीब 9% उछल गया।
मेटा ने किया निराश, 10% तक लुढ़का शेयर
इसके उलट Meta के नतीजे बाजार की उम्मीदों से कमजोर रहे। कंपनी की प्रति शेयर आय (EPS), यूजर ग्रोथ और भविष्य का आउटलुक निवेशकों को पसंद नहीं आया। मेटा ने इस साल पूंजीगत खर्च का अनुमान बढ़ाया, लेकिन कमजोर प्रदर्शन के कारण आफ्टर-मार्केट ट्रेडिंग में उसका शेयर एक समय 10% तक गिर गया।
इनपुट: ब्लूमबर्ग, रॉयटर्स
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.