ENG vs PAK Test Series: इंग्लैंड दौरे के बीच से सात खिलाड़ियों को स्वदेश भेजने पर पाकिस्तानी दिग्गज आगबबूला हैं। पूर्व हेड कोच मिकी आर्थर ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को आड़े हाथ लिया लिया है।
‘पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन का यही कारण है’
बर्मिंघम में नौ सितंबर से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए युवा और अनुभवहीन खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है। मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी हटा दिया गया है। पाकिस्तान के पूर्व विदेशी हेड कोच मिकी आर्थर ने इस फैसले को हास्यास्पद बताया। आर्थर ने सोशल मीडिया पर लिखा, ”पीसीबी का यह फैसला हास्यास्पद है। उनके खराब प्रदर्शन का कारण यही है कि वे लगातार खिलाड़ियों, कोच और चयनकर्ताओं को बदलते रहते हैं और स्थिरता का कोई नामोनिशान नहीं है। अच्छी रणनीति, स्थिरता और संयोजन से ही बेहतर परिणाम हासिल किये जा सकते हैं।”
‘बाबर आजम ने खिलाड़ियों को अधर में छोड़ा’
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने कहा कि वह इस फैसले से हैरान हैं और उन्हें घर वापस भेजे गए खिलाड़ियों और यहां तक कि इंग्लैंड भेजे गए खिलाड़ियों के लिए भी दुख है। मियांदाद ने कहा, ”जिन खिलाड़ियों को वापस भेजा गया है, उनके लिए यह मानसिक आघात और उनके करियर पर एक धब्बा है। उनकी जगह लेने वाले खिलाड़ियों पर सीरीज में बचे एकमात्र टेस्ट मैच में बहुत अधिक दबाव होगा।” पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने कहा कि बोर्ड के इस फैसले के विरोध में बाबर आजम को कप्तानी से इस्तीफा दे देना चाहिए था। लतीफ ने कहा, ”कप्तान और नेतृत्वकर्ता में फर्क होता है और बाबर ने चुप रहकर अपने खिलाड़ियों को अधर में छोड़ दिया।”
‘सीरीज के अंत तक इंतजार करना चाहिए था’
पूर्व कप्तान मोइन खान ने कहा, ”अगर बोर्ड हार के सिलसिले को रोकने के लिए टीम में आमूलचूल परिवर्तन करना चाहता था तो उसे इंग्लैंड में चल रही सीरीज के अंत तक इंतजार करना चाहिए था।” पूर्व टेस्ट ओपनर मोहसिन खान ने आश्चर्य व्यक्त किया कि माइक हेसन के पास ऐसा कौन सा जादू है कि उन्हें सिर्फ एक मैच शेष रहते हुए टेस्ट टीम का कोच नियुक्त कर दिया गया। उन्होंने कहा, ”मैं केवल यही उम्मीद कर सकता हूं कि कुछ नए खिलाड़ियों के साथ पाकिस्तान अंतिम टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन करेगा लेकिन यह देखना होगा कि इस घटनाक्रम का खिलाड़ियों पर कितना असर पड़ता है।”
‘टी20 खेलने वाले खिलाड़ियों को इंग्लैंड भेजा ‘
पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी और शोएब मलिक ने भी पीसीबी के फैसले और कामकाज की आलोचना की। मलिक ने सोशल मीडिया पर लिखा, ”टीम से बाहर किए गए खिलाड़ी अभी भी हमारे राष्ट्रीय क्रिकेटर हैं जिन्होंने पाकिस्तान की सेवा की है। उनके लिए ‘पहली फ्लाइट से वापस भेज दिया गया’ जैसे शब्दों का उपयोग अपमानजनक है।” अफरीदी ने कहा कि सरफराज अहमद इतने कठोर फैसले के हकदार नहीं थे। उन्होंने कहा, ”केवल पांच मैचों के बाद किसी का मूल्यांकन कैसे किया जा सकता है। हैरान करने वाली बात यह है कि चयनकर्ताओं ने इंग्लैंड में एक टेस्ट मैच के लिए टी20 में खेलने वाले खिलाड़ियों को भेजा है।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.