लेक्सस (Lexus) अपनी सेकेंड जनरेशन की NX SUV का मिड-लाइफ अपडेट लेकर हाजिर है। 2026 Lexus NX में डिजाइन, फीचर्स और पावरट्रेन में कई बदलाव किए गए हैं। यह सिर्फ 6.1 सेकंड में 0 से 100 kmph की स्पीड पकड़ लेता है।
नया एक्सटीरियर डिजाइन
नई NX का ओवरऑल शेप पहले जैसा ही रखा गया है, लेकिन फ्रंट में अब नया फ्रेमलेस स्पिंडल-शेप ग्रिल दिया गया है, जो बॉडीवर्क के साथ फ्लो करता है। इसके साथ नए हेडलैंप और पहले से ज्यादा स्लिम LED DRLs मिलते हैं। पीछे की तरफ एसयूवी में नए LED टेल-लैंप दिए गए हैं, जिनमें L-शेप पैटर्न टेलगेट तक फैला हुआ है। यहां रोशन होने वाला LEXUS लोगो भी दिया गया है। अलग-अलग वेरिएंट के हिसाब से इसमें 18 से 20 इंच तक के मल्टी-स्पोक अलॉय व्हील मिलेंगे। लेक्सस ने Sonic Platinum और Sonic Tellus जैसे नए कलर भी ऐड किए हैं, जबकि F Sport वेरिएंट को खास Titanium Carbide Grey कलर में लाया गया है।
ज्यादा प्रीमियम हुआ केबिन
2026 लेक्सस NX को Business, Executive, Luxury और F Sport ट्रिम में पेश किया गया है। सभी वेरिएंट में पावर्ड और हीटेड फ्रंट सीट्स, 12.3-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 14-इंच टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। Executive वेरिएंट में फ्रंट सीट मेमोरी, इलेक्ट्रिक लंबर एडजस्टमेंट, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, जेस्चर-कंट्रोल्ड टेलगेट, 360-डिग्री कैमरा, वायरलेस फोन चार्जर और मल्टी-कलर एम्बिएंट लाइटिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं।
Luxury ट्रिम में 20-इंच अलॉय व्हील, लेदर अपहोल्स्ट्री, हीटेड रियर सीट्स और हेड-अप डिस्प्ले शामिल हैं। F Sport वेरिएंट में पियानो-ब्लैक एक्सटीरियर डिटेलिंग, 20-इंच ट्विन-स्पोक अलॉय व्हील और खास इंटीरियर-एक्सटीरियर कलर मिलते हैं। Executive में पैनोरमिक रूफ और 20-इंच व्हील का विकल्प भी है। वहीं, Luxury और F Sport में पैनोरमिक रूफ, 17-स्पीकर Mark Levinson ऑडियो सिस्टम और डिजिटल रियर-व्यू मिरर वाला पैकेज लिया जा सकता है। सभी NX मॉडल में ADAS भी स्टैंडर्ड है।
NX 450h+ में बढ़ी पावर और इलेक्ट्रिक रेंज
2026 लेक्सस NX को 450h+ प्लग-इन हाइब्रिड और 350h स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन में लाया गया है। NX 450h+ में 2.5-लीटर पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर का सेटअप है, जिसका टोटल आउटपुट अब 307hp हो गया है। पहले यह 292hp था। इसमें नई लिथियम-आयन बैटरी दी गई है, जिसकी कैपेसिटी 18kWh से बढ़कर 23kWh हो गई है। NX 450h+ केवल AWD के साथ उपलब्ध होगी और कंपनी के मुताबिक यह 0-100 kmph की रफ्तार सिर्फ 6.1 सेकंड में पकड़ सकती है।
पहली बार इसमें DC फास्ट चार्जिंग भी दी गई है, जिससे बैटरी को 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 30 मिनट लगते हैं। इलेक्ट्रिक-ओनली रेंज भी करीब 40 पर्सेंट बढ़कर 100 किमी से ज्यादा हो गई है। इसमें 1,500W AC आउटलेट भी दिया गया है, जिससे एसयूवी को मोबाइल पावर सोर्स की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।
NX 350h भी हुई बेहतर
NX 350h में 2.5-लीटर पेट्रोल स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पावरट्रेन है, जो 199hp का आउटपुट देता है। लेक्सस ने हाइब्रिड बैटरी का वजन 32.7kg से घटाकर 23.5kg कर दिया है। इसका असर परफॉर्मेंस पर भी देखने को मिलता है। 350h FWD 0-100 kmph की रफ्तार 7.7 सेकंड में और AWD वर्जन 7.3 सेकंड में पकड़ता है।
भारत में कितनी हो सकती है कीमत?
फिलहाल भारत में लेक्सस NX 350h की कीमत 67.59 लाख रुपये से 74.50 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है। अगर फेसलिफ्टेड NX को भारत में लाया जाता है, तो नए डिजाइन, ज्यादा फीचर्स और अपडेटेड पावरट्रेन के कारण इसकी कीमत में बढ़ोतरी हो सकती है। भारत में इसका मुकाबला Mercedes-Benz GLC, BMW X3, Audi Q5 और Volvo XC60 जैसी लग्जरी SUVs से रहेगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.