वीवीएस लक्ष्मण ने खुलासा किया है कि उन्हें बीसीसीआई के पूर्व सचिव जय शाह ने भारतीय मुख्य कोच पद के लिए संपर्क किया था लेकिन उन्होंने निजी कारणों की वजह से इनकार कर दिया।
जय शाह ने दिया था कोच बनने का ऑफर
वीवीएस लक्ष्मण और जय शाह के बीच किस समय बातचीत हुई, इस बारे में उन्होंने नहीं बताया लेकिन ऐसा समझा जाता है कि 2023 विश्व कप के बाद इन दोनों की मीटिंग हुई होगी, जब राहुल द्रविड़ का कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के करीब था। उस समय राहुल द्रविड़ भी अनुबंध आगे न बढ़ाने के पक्ष में थे लेकिन टीम के कुछ खिलाड़ियों के कहने पर वह मान गए। जिसके बाद बीसीसीआई ने उनका कार्यकाल 2024 टी20 विश्व कप तक बढ़ा दिया। द्रविड़ की कोचिंग में भारत ने 11 साल बाद आईसीसी ट्रॉफी जीती।
लक्ष्मण ने रविवार को कहा, ”मैं 2023 में मुख्य कोच बनने वाला था। लेकिन निजी कारणों की वजह से मैं ऐसा नहीं कर सका। मैंने जय शाह से दो बार बात की। उन्होंने मेरे कारण को समझा। जय (शाह) और बीसीसीआई ने मुझे जो आजादी अपनी सोच के हिसाब से काम करने के लिए दी है वह देवजीत और अन्य पदाधिकारियों के साथ भी जारी है। मैंने दो साल का विस्तार लिया और बीसीसीआई से वादा किया कि भले ही मैं मुख्य कोच का पद न संभालूं लेकिन जाने से पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को स्थापित करूंगा और प्रक्रियाओं और नियमों को मजबूत बनाऊंगा।”
सीईओ को लेकर खुलकर बोले लक्ष्मण
लक्ष्मण ने सीओई में चुनिंदा मीडिया से बातचीत में कहा, ”सीओई सिर्फ चोट से उबरने और फिटनेस हासिल करने का केंद्र नहीं है। क्रिकेटरों को उत्कृष्टता हासिल करने में मदद करने के लिए इसकी भूमिका इससे कहीं बड़ी है। इसलिए हम चोटों के मामले में ‘दोष’ शब्द का इस्तेमाल करना पसंद नहीं करते। ऐसा करने पर किसी एक व्यक्ति को बलि का बकरा बनाया जाता है।” उन्होंने कहा, ”पुरुष और महिला, दोनों टीमों के सीओई, टीम प्रबंधन और ‘एसएसएम स्टाफ’ के बीच शानदार तालमेल है। इसलिए बिना रूकावट के संवाद लगातार होता रहता है।”
लक्ष्मण ने कहा कि कड़े फिटनेस मानकों और मानव शरीर की प्रकृति को देखते हुए किसी खिलाड़ी का एक निश्चित समयसीमा में पूरी तरह फिट हो जाना हमेशा संभव नहीं होता। उन्होंने कहा, ”यह समझना बहुत जरूरी है कि दिशानिर्देश और समयसीमा हमारी अपेक्षाओं के आधार पर तय की जाती हैं। लेकिन यह मानव शरीर है, मशीन नहीं कि हर बार तय समयसीमा के भीतर ही रिकवरी हो जाए।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.