उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर पैदा किया गया विवाद समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस की साजिश का हिस्सा है।
उन्होंने सवाल किया कि बाबरी मस्जिद के लिए एकत्र किए गए चंदे का क्या हुआ, इस बारे में कोई सवाल क्यों नहीं उठा रहा है।
मिर्जापुर में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर पूछे गए एक सवाल से नाराज पाठक ने कहा, ‘‘बाबरी मस्जिद के लिए भी चंदा एकत्र किया गया था। उस पैसे का क्या हुआ, यह कोई नहीं पूछ रहा है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस केवल तुष्टीकरण की राजनीति कर रही हैं और मुस्लिम वोट हासिल करने के लिए सनातन धर्म पर हमला कर रही हैं।’’
इससे एक दिन पहले, अयोध्या पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) की सिफारिश पर राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन के मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि मामले में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों को नामजद किया गया है, जबकि वरिष्ठ पदाधिकारियों को बचाया जा रहा है।
विपक्ष के इस आरोप पर कि केवल कनिष्ठ कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, पाठक ने कहा कि पुलिस निष्पक्ष जांच करेगी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार भ्रष्टाचार को लेकर कतई न बर्दाश्त करने की नीति पर काम करती है।
उन्होंने कहा, ‘‘क्या आप पुलिस में हैं या हम? पुलिस इस मामले की निष्पक्ष जांच करेगी।’’
हालांकि, पाठक ने संवाददाताओं से विपक्षी नेताओं से बाबरी मस्जिद के लिए एकत्र किए गए चंदे के बारे में भी सवाल पूछने का आग्रह किया और आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति कर रही हैं।
उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सीमावर्ती जिलों में अवैध रूप से संचालित मदरसों को आतंकवादी गतिविधियां संचालित करने के लिए धन मुहैया कराया जा रहा है।
पाठक ने कहा कि राज्य सरकार ऐसे संस्थानों की जांच कर रही है, अवैध रूप से संचालित मदरसों को बंद कराया जा रहा है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जेल भेजा जा रहा है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.