रूस ने यूक्रेन पर मिसाइल और ड्रोन हमला करते हुए मुख्य रूप से विद्युत ग्रिड को निशाना बनाया जिससे एक बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अगस्त के आखिर से रूस ने अपने हवाई हमले तेज़ कर दिए हैं, जिससे यूक्रेन पर दबाव बढ़ गया है।
यूक्रेन जब सर्दियों की तैयारी में जुटा है तब रूस ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बना रहा है ताकि यूक्रेन के लोगों को विद्युत सुविधा और पानी न मिल सके। प्रधानमंत्री सेरही कोरेत्स्की ने टेलीग्राम पर कहा, ‘‘गर्मियों के बाद से शायद ही कोई ऐसा दिन बीता हो जब दुश्मन ने ऊर्जा अवसंरचना पर हमला न किया हो। लेकिन यह पहला मौका है जब इतना बड़ा और समन्वित हमला हुआ है।’’
यूक्रेनी विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने कहा कि रूस के हमलों में बढ़ोतरी की वजह से ‘पूरे यूक्रेन में लगभग लगातार हवाई हमले के अलर्ट वाले दिन’ देखने को मिल रहे हैं।
सिबिहा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘रूस अपना आतंक बढ़ा रहा है: दिन में जेट-संचालित ड्रोन, रात में बैलिस्टिक और क्रूज़ मिसाइलें। हमारे शहरों एवं आम नागरिकों पर लगातार हमले हो रहे हैं।’’
यूक्रेन के अधिकारियों का कहना है कि हमला शुरू करने के साढ़े चार साल बाद भी रूस लड़ाई रोकने की अमेरिकी कोशिशों में शामिल नहीं हो रहा है। उधर, रूस का कहना है कि वह अस्थायी युद्धविराम के बजाय एक व्यापक समझौता चाहता है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि पूरे यूक्रेन में रूसी हमलों में सात यूक्रेनी नागरिक मारे गए और 24 घायल हो गए। हालांकि, उन्होंने कोई ब्योरा नहीं दिया। यूक्रेन में क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने बताया कि कीव क्षेत्र के विशहोरोद में एक निजी घर के मलबे से एक मृत बच्चे को निकाला गया और तीन अन्य लोगों को बचाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में राजधानी कीव में तीन लोगों की मौत हो गई और कम से कम चार अन्य घायल हो गए। ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा कि रूस का मुख्य निशाना कीव और उसके आस-पास के इलाकों में मौजूद ऊर्जा अवसंरचना है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.