साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को हराकर ट्राई सीरीज जीती। इस सीरीज में तीसरी टीम नामीबिया की थी। फाइनल में अफ्रीका ने 205 रन बनाए, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे 157 पर ही सिमट गया।
साउथ अफ्रीका ने बनाए 205 रन
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम के बल्लेबाजों ने खूब तबाही मचाई। निर्धारित 20 ओवर में उन्होंने 5 विकेट के नुकसान पर 205 रन बोर्ड पर लगाए। ओपनर जॉर्डन हरमन ने 29 गेंदों पर 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से 53 रनों की सर्वाधिक पारी खेली। वहीं कॉनर एस्टरहुइजन और डेवाल्ड ब्रेविस ने 32-32 रनों की पारी खेली। साउथ अफ्रीका की पारी में खास बात यह रही कि बल्लेबाजी करने आए 7 में से 5 बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट 150 के पार था।
81/8 से जिम्बाब्वे ने बनाए 157 रन
जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने फाइनल में बुरी तरह निराश किया। उनके टॉप-4 बल्लेबाजों में कोई दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया। नंबर-5 पर उतरे कप्तान सिकंदर रजा भी 16 रन बनाकर आउट हो गए। साउथ अफ्रीका के घातक बॉलिंग अटैक के सामने देखते ही देखते जिम्बाब्वे ने घुटने टेक दिए थे। एक समय पर उनके 8 विकेट 81 के स्कोर पर गिर गए थे। तब नंबर-8 पर बैटिंग करने आए ब्रैड इवांस ने अपने टी20 करियर की सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 31 गेंदों पर 4 चौकों और इतने ही गगनचुंबी छक्कों की मदद से 56 रनों की पारी खेली। हालांकि वह टीम को जीत नहीं दिला सके। जिम्बाब्वे की पूरी टीम 157 रनों पर ही सिमट गई।
डेवाल्ड ब्रेविस ने इस ट्राई सीरीज में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 226 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.