क्या है पूरा मामला?
शो के दौरान दर्शकों में बैठे हिमांशु जांगड़ा नाम के एक लड़के ने अपनी डेट का एक किस्सा शेयर किया। उसने बताया कि उसने एक लड़की को डेट पर 370 रुपये की चिकन बिरयानी खिलाई थी और इसके बदले में वह लड़की से ‘सेक्शुअल फेवर’ यानी शारीरिक संबंध की उम्मीद कर रहा था। इस क्लिप के वायरल होते ही बवाल मच गया। लोगों ने इस घटिया सोच की जमकर आलोचना की।
विवाद इतना बढ़ा कि हिमांशु को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स बंद करने पड़े। कॉमेडियन प्रणित मोरे ने पहले माफी मांगी और कहा कि यह उस दर्शक की सोच है, उनकी नहीं। लेकिन लगातार हो रही आलोचनाओं के बाद उन्होंने भी अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिवेट कर लिया है।
खुशबू पाटनी का फूटा गुस्सा, बोलीं- ‘कब तक ये हमारी कीमत तय करेंगे?’
बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बहन और एक्स-आर्मी ऑफिसर खुशबू पाटनी ने इस मुद्दे पर एक वीडियो बनाकर अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि कॉमेडियन ने उस लड़के को वहीं रोककर टोका क्यों नहीं।
उन्होंने कहा कि जब कोई लड़का ‘हम तो सिर्फ दोस्त हैं’ कहता है, तो कई बार उसका असली इरादा कुछ और ही होता है। लड़का लड़की को सुनसान जगह ले जाना चाहता था, जो उसकी नीयत साफ दिखाता है। उन्होंने समाज की कड़वी सच्चाई बताते हुए कहा, “ये पढ़े-लिखे गंवार हमारी कीमत तय करते हैं। स्कूल से लेकर कॉलेज, डेट और शादी के बाद दहेज तक, पूरी जिंदगी हमारी बस एक कीमत ही लगाई जाती है।”
आखिर में उन्होंने महिलाओं से अपनी सुरक्षा के लिए ‘खुकरी’ यानी नेपाली चाकू पास रखने की सलाह दी।
कुशा कपिला की खरी-खोटी
मशहूर क्रिएटर और एक्ट्रेस कुशा कपिला ने इस मामले में कॉमेडियन प्रणित मोरे को आड़े हाथों लिया। उनका मानना है कि ऐसा वीडियो एडिट करके पोस्ट करना एक सोची-समझी चॉइस है, इसे सिर्फ ‘कॉमेडी’ कहकर टाला नहीं जा सकता।
कुशा ने महिलाओं से अपील की
ऐसी घटिया कॉमेडी और सोच के खिलाफ बिना डरे खुलकर आवाज उठाएं। यह कोई जोक नहीं था, बल्कि सिर्फ व्यूज और लोगों का रिएक्शन पाने के लिए बनाया गया कंटेंट था। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि महिलाएं इस पर खुलकर बोल रही हैं और उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, “आज मैं अपने पैसों से बिरयानी ऑर्डर करके खाऊंगी।”
मालती चाहर ने कहा- ‘सहमति और सम्मान जरूरी’
बिग बॉस के दौरान प्रणित मोरे के साथ चर्चा में रहीं मालती चाहर ने भी इस घटना पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि आज की महिलाएं शादी से कतराती हैं, अपनी आजादी को अहमियत देती हैं और डेट्स पर अपना बिल खुद भरना पसंद करती हैं।
मालती ने कुछ गंभीर सवाल उठाए
उन्होंने निराशा जताई कि आज भी महिलाओं को एक वस्तु समझा जाता है और ऐसा लगता है जैसे उनकी ‘सहमति’ की कीमत सिर्फ एक प्लेट बिरयानी के बराबर आंकी जा रही है। उन्होंने सभी माताओं से गुजारिश की कि वे अपने बेटों को महिलाओं का सम्मान करना और ‘सहमति’ का मतलब सिखाएं।
उन्होंने चेतावनी दी कि स्क्रीन पर जो चीजें ‘मजाक’ कहकर सामान्य कर दी जाती हैं, उनका सीधा और बुरा असर असल जिंदगी में महिलाओं को झेलना पड़ता है।
यह पूरा विवाद इस बात की तरफ साफ इशारा करता है कि समाज में महिलाओं को लेकर सोच बदलने की अभी कितनी लंबी लड़ाई बाकी है और ‘कॉमेडी’ या ‘मजाक’ के नाम पर महिला विरोधी बातों को अब आसानी से नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.