मारुति सुजुकी भारत में अपने नए प्रोडक्ट्स की ताबड़तोड़ लॉन्चिंग करने वाली है। इनमें फेसलिफ्ट मॉडल, हाइब्रिड, इलेक्ट्रिक MPV और नई 7-सीटर एसयूवी शामिल हैं। इनमें एक 35 kmpl से ज्यादा का माइलेज देने वाली गाड़ी भी है।
Baleno Facelift
मारुति सुजुकी की सबसे पहले लॉन्च होने वाली नई कार Baleno Facelift होगी। टेस्टिंग के दौरान दिखे स्पाई शॉट्स से पता चलता है कि कार का ओवरऑल डिजाइन और सिल्हूट मौजूदा मॉडल जैसा ही रहेगा, लेकिन फ्रंट लुक में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इसमें नया फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड बंपर और हल्के बदलाव वाले LED हेडलैंप दिए जाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक ग्रिल में कनेक्टेड LED लाइट बार या फिर DRLs को कनेक्ट करने वाली क्रोम स्ट्रिप मिल सकती है। रियर में नए LED टेललैंप और हल्का अपडेटेड बंपर मिलेगा। इंजन की बात करें, तो मौजूदा 1.2-लीटर 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन की जगह आपको नया 1.2-लीटर 3-सिलेंडर Z12E पेट्रोल इंजन देखने को मिल सकता है, जो फिलहाल नई Swift और Dzire में मिलता है।
Fronx Facelift और Fronx Hybrid
मारुति सुजुकी जल्द ही फ्रॉन्क्स फेसलिफ्ट भी लॉन्च करेगी। इसमें नए बंपर, अपडेटेड ग्रिल, बदले हुए हेडलैंप, नए LED टेललैंप और नए अलॉय व्हील देखने को मिल सकते हैं। केबिन में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। इंजन के तौर पर मौजूदा 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन की जगह नया Z12E 3-सिलेंडर इंजन मिल सकता है, जबकि 1.0-लीटर Boosterjet टर्बो-पेट्रोल इंजन Smart Hybrid टेक्नोलॉजी के साथ आता रहेगा। फेसलिफ्ट के बाद कंपनी फ्रॉन्क्स हाइब्रिड भी लॉन्च करेगी। इसमें नई सीरीज हाइब्रिड टेक्नोलॉजी मिलने की उम्मीद है। कंपनी का टारगेट 35 kmpl से ज्यादा का माइलेज ऑफर करने का है।
YMC Electric MPV
eVitara के बाद मारुति अपनी दूसरी इलेक्ट्रिक कार के तौर पर YMC Electric MPV लॉन्च करेगी। यह कंपनी की पहली फुली इलेक्ट्रिक MPV होगी। इसे eVitara वाले Heartect-e स्केटबोर्ड प्लेटफॉर्म पर बनाया जाएगा। इसकी लंबाई लगभग 4.5 मीटर होगी। इसमें 49 kWh और 61.1 kWh बैटरी पैक के ऑप्शन मिलने की संभावना है। बड़ा बैटरी पैक एक बार चार्ज करने पर 543 किलोमीटर तक की क्लेम्ड रेंज दे सकता है।
Grand Vitara Facelift
2022 में लॉन्च होने के बाद अब ग्रैंड विटारा को पहला बड़ा अपडेट मिलने जा रहा है। इस फेसलिफ्ट के एक्सटीरियर में ज्यादा बदलाव नहीं होंगे, लेकिन इंटीरियर और टेक्नोलॉजी को पूरी तरह अपग्रेड किया जाएगा। नई ग्रैंड विटारा में बड़ा टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, नया डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, अपडेटेड डैशबोर्ड और Level-2 ADAS मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा सभी वेरिएंट में 6 एयरबैग स्टैंडर्ड किए जा सकते हैं। इंजन ऑप्शन्स में मौजूदा पेट्रोल, स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड और CNG पावरट्रेन आता रहेगा। वहीं, CNG वेरिएंट में अंडरबॉडी गैस टैंक दिया जा सकता है, जिससे बूट स्पेस पहले से बेहतर होगा।
Grand Vitara 7-Seater
मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा पर बेस्ड एक नई 7-सीटर एसयूवी भी तैयार कर रही है, जिसे Y17 कोडनेम दिया गया है। इसमें लंबा व्हीलबेस, बड़ा रियर सेक्शन और स्टैंडर्ड ग्रैंड विटारा से अलग स्टाइलिंग देखने को मिलेगी। फीचर्स की बात करें, तो इसमें पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, हेड-अप डिस्प्ले (HUD), वायरलेस चार्जर, 360-डिग्री कैमरा, TPMS और Level-2 ADAS जैसे प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इंजन ऑप्शन मौजूदा ग्रैंड विटारा जैसे ही रहेंगे, जिनमें पेट्रोल, स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड और CNG पावरट्रेन शामिल होंगे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.