मीठा खाने का दिल करे तो फटाफट एक कप दही से आप ये टेस्टी, मुंह में घुलने वाली वाली बर्फी बनाकर तैयार कर सकते हैं। इसके लिए मावा, कंडेस्ड मिल्क, मलाई या घंटों की मेहनत नहीं लगती। ऐसी मिठाई बनती है कि खा कर मजा आ जाता है।
दही से बर्फी बनाने के लिए चाहिए होगी ये सामग्री
दही-चीनी वाली टेस्टी बर्फी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- बिना पानी वाली गाढ़ी दही (1 कप), चीनी ( 1 कप), पीसी हुई चीनी (1 चम्मच), इलायची पाउडर (आधा चम्मच), कुछ केसर के धागे (ऑप्शनल), देसी घी (1 चम्मच), गार्निशिंग के लिए बादाम और पिस्ता।
दही-चीनी से इस तरह बनाएं मुंह में घुलने वाली बर्फी
दही की बर्फी बनाने के लिए हंग कर्ड यानी गाढ़ी दही चाहिए होती है। इसके लिए नॉर्मल दही को किसी सूती कपड़े में बांधकर 3-4 घंटे के लिए लटकाकर रख दें, उसका सारा पानी निकल जाएगा। ऊपर से कोई वजनदार चीज भी रख दें, इससे दही बेहतर सेट होती है। इसके बाद एक छलनी लें और उसमें गाढ़ी दही को चम्मच से लगातार फेंटते हुए एक कटोरी में छान लें।
अब जितनी दही आपने ली है, उतनी ही चीनी इसमें मिलाएं और दोनों को मिक्स कर लें। इसके बाद गैस पर एक मोटे तले की कड़ाही चढ़ाएं और मीडियम फ्लेम पर दही वाले मिक्सचर को लगातार चलाते हुए गाढ़ा होने तक पका लें। फ्लेवर और रंगत के लिए आप केसर के कुछ धागे और इलायची पाउडर भी एड कर सकते हैं। इसके बाद 2-3 मिनट के लिए और इस मिक्सचर को पका लें, फिर गैस बंद कर दें।
इसके बाद बर्फी के मिक्सचर को पूरी तरह ठंडा होने दें। फिर इसमें 1 चम्मच पिसी हुई चीनी मिलाकर अच्छे से मिक्स कर लें। एक ट्रे पर बटर पेपर फैलाएं और उसपर घी लगाकर ग्रीस करें। फिर बर्फी वाला मिक्सचर फैला दें और लगभग 15-20 मिनट के लिए इसे सेट होने दें। अब बर्फी को अपनी मनचाही शेप में काट लें, ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता डालकर गार्निश करें। रूम टेंपरेचर पर बर्फी को 2-3 घंटे जमने के लिए रख दें, या फिर फ्रिज में 1 घंटे के लिए रख सकते हैं। दही-चीनी की बर्फी बनकर तैयार है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.