महिंद्रा अपनी पॉपुलर कारों के नए मॉडल और कई नई एसयूवी मार्केट में उतारने की तैयारी कर रही है। कंपनी आने वाले दो सालों में पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ EV सेगमेंट में भी अपना बड़ा विस्तार करेगी।
स्कॉर्पियो-एन एंड थार फेसलिफ्ट
महिंद्रा की पहली बड़ी लॉन्चिंग रिफ्रेश्ड ‘स्कॉर्पियो-एन’ हो सकती है। इस पॉपुलर एसयूवी को अगले कुछ महीनों में अपडेट मिलने की उम्मीद है। इसमें नई एलईडी लाइटिंग, नए डिजाइन वाले अलॉय व्हील्स, बड़ी टचस्क्रीन, अपडेटेड कनेक्टेड फीचर्स और एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस तकनीक (ADAS) मिल सकती है। दूसरी तरफ, 3-डोर थार को भी पहला बड़ा अपडेट दिया जाएगा। इसके इंटीरियर में भी बड़ा टचस्क्रीन और नए फीचर्स शामिल किए जाएंगे।
नई ‘विजन एस’ कॉम्पैक्ट एसयूवी
महिंद्रा कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में एक बिल्कुल नया मॉडल जोड़ने की तैयारी कर रही है। यह गाड़ी ‘विजन एस’ प्रोडक्शन मॉडल के नाम से जानी जाएगी। इसे साल 2027 की शुरुआत तक लॉन्च किया जा सकता है। यह कार महिंद्रा की XUV 3XO और स्कॉर्पियो-एन के बीच में जगह बनाएगी। इसे कंपनी के नए NU_IQ आर्किटेक्चर पर तैयार किया जाएगा। इसमें टर्बो पेट्रोल और डीजल इंजन का ऑप्शन मिल सकता है।
महिंद्रा ‘BE 07’
महिंद्रा अपनी इलेक्ट्रिक कार रेंज का विस्तार करते हुए ‘BE 07’ को मार्केट में उतारेगी। इसे BE 6 के ऊपर रखा जाएगा। इसमें बड़ा बैटरी पैक मिलेगा, जो ज्यादा ड्राइविंग रेंज देगा। इस फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक कार में कई मोटर विकल्प मिल सकते हैं। इसके फीचर्स की बात करें तो इसमें डैशबोर्ड पर तीन 12.3-इंच की बड़ी डिस्प्ले स्क्रीन, लेवल-2 ADAS जैसे कई एडवांस्ड फीचर्स दिए जा सकते हैं। यह अगले साल तक शोरूम में पहुंच सकती है।
विजन टी की 2028 में होगी एंट्री
इलेक्ट्रिक कारों के पोर्टफोलियो में ‘विजन टी’ कॉन्सेप्ट पर बेस्ड एक नई एसयूवी पेश की जाएगी। इसका डिजाइन काफी बॉक्सी और ऊंचा रखा जाएगा, जिसमें ऑफ-रोडिंग पर खास ध्यान दिया जाएगा। असल में यह थार रॉक्स का ही ऑल-इलेक्ट्रिक अवतार हो सकती है। इसका प्रोडक्शन वर्जन साल 2028 तक भारतीय मार्केट में दस्तक दे सकता है। कंपनी का ध्यान पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ ऑफ-रोड इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर भी बहुत ज्यादा रहने वाला है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
