क्या आप भी लाइफ में खुद को रुका हुआ महसूस करते हैं? आपको भी यही लगता है कि किस्मत आपका साथ कभी नहीं देती या आप मेहनत तो खूब करते हैं लेकिन सफलता मिलती नहीं? तो हो सकता है कि आपकी ये आदतें इसके पीछे जिम्मेदार हों।
जरूरत से ज्यादा सोचने वाले लोग
सोचना अच्छी बात है लेकिन जरूरत से ज्यादा सोचना आपको पीछे की ओर खींचता है। कुछ लोग किसी भी काम को शुरू करने से पहले उसके बारे में इतना सोचते रहते हैं कि आखिर में काम शुरू ही नहीं कर पाते। उनके मन में बार-बार यही चलता रहता है कि अगर ऐसा हुआ तो क्या होगा, लोग क्या कहेंगे, यह फैसला सही है या नहीं और कहीं कोई गलती तो नहीं हो जाएगी। ऐसा करते-करते फैसला लेने में वो इतना समय लगा देते हैं कि वह मौका ही निकल जाता है। इसके बाद सिर्फ पछतावा हाथ में रह जाता है।
हर काम के लिए बहाना ढूंढने वाले लोग
कुछ लोगों के पास किसी काम को ना करने का हमेशा कोई न कोई बहाना मौजूद होता है। कभी समय नहीं है, कभी मूड नहीं है, कभी सही माहौल नहीं है तो कभी किसी के साथ देने का इंतजार है। इस तरह काम टलता रहता है और शुरुआत नहीं हो पाती। इसलिए अगली बार जब आपको लगे कि अभी सही समय नहीं है, तो खुद से पूछें कि क्या मैं इस काम का थोड़ा सा हिस्सा आज शुरू कर सकता हूं। हो सकता है आप पूरा काम एक साथ न कर पाएं, लेकिन छोटी शुरुआत जरूर कर सकते हैं।
हर चीज को परफेक्ट करने का इंतजार करने वाले लोग
कुछ लोग तब तक कोई काम शुरू नहीं करते, जब तक उन्हें सब कुछ बिल्कुल सही ना लगे। जबकि लाइफ में ऐसा परफेक्ट टाइम कभी आता ही नहीं है। अगर आप हर काम के लिए सही समय और परफेक्ट प्लान का इंतजार करते रहेंगे, तो शुरुआत लगातार आगे खिसकती जाएगी। किसी भी नए काम को शुरू करते समय गलतियां हो सकती हैं। जरूरी यह है कि आप उन गलतियों से सीखें और आगे बढ़ते रहें।
जिन्हें लगता है कि उन्हें सब कुछ पता है
कुछ लोगों को लगता है कि उन्हें हर चीज के बारे में पहले से पता है। ऐसे में वे किसी की बात सुनने या कुछ नया सीखने की जरूरत ही महसूस नहीं करते। यही सोच कई बार उनके आगे बढ़ने का रास्ता रोक देती है। अगर आप नई चीजें सीखना बंद कर देंगे, तो खुद को बेहतर बनाने के मौके भी कम हो जाएंगे। इसलिए यह सोचने के बजाय कि मुझे सब पता है, हमेशा कुछ नया सीखने की कोशिश करें। किसी दूसरे की बात में भी आपके काम की कोई नई बात हो सकती है। अपनी गलतियों से भी सीखें और जरूरत पड़ने पर अपनी सोच को बदलने के लिए तैयार रहें।
वादा तोड़ देने वाले लोग
कुछ लोग हर सोमवार खुद से कोई नया वादा करते हैं। वे तय करते हैं कि अब रोज समय पर उठेंगे, अपने काम पर ध्यान देंगे या अपनी किसी आदत को बदलेंगे। लेकिन कुछ दिन बाद वही वादा पीछे छूट जाता है। फिर अगला सोमवार आता है और एक नया वादा शुरू हो जाता है। जब आप बार-बार खुद से किया हुआ वादा पूरा नहीं करते, तो धीरे-धीरे अपने ऊपर भरोसा कमजोर हो सकता है। आपको खुद ही लगने लगता है कि आप जो तय करते हैं, उसे लंबे समय तक निभा नहीं पाते। इसलिए खुद से छोटे-छोटे प्रॉमिस करें और उन्हें निभाने में जोर लगा दें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.