सावन के पहले सोमवार के लिए अगर आप प्रसाद में कुछ बनाने का सोच रही हैं, तो गुलगुले ट्राई करें। सिर्फ 1 ट्रिक की मदद से गुलगुले मुलायम और फूले-फूले बनेंगे। चलिए आपको आसान रेसिपी बताते हैं।
कबिता ने शेयर की रेसिपी
कबिता किचन के नाम से मशहूर यूट्यूबर ने घर पर फूले-फूले और मुलायम गुलगुले बनाने का सबसे आसान तरीका शेयर किया है। उन्होंने रेसिपी के साथ एक खास ट्रिक भी बताई है, जिसकी मदद से आपके गुलगुले हर बार हलवाई जैसे सॉफ्ट, स्पंजी और स्वादिष्ट बनेंगे। इस आसान रेसिपी के लिए आपको 2 कप गेहूं का आटा, 1 कप गुड़, जरूरत के अनुसार पानी, 1 छोटा चम्मच सौंफ और 2–3 इलायची (पिसी हुई) चाहिए होंगी। इन साधारण सामग्री से आप कम समय में स्वादिष्ट और फूले-फूले गुलगुले तैयार कर सकते हैं।
गुड़ और पानी को पकाएं
सबसे पहले आपको एक पैन में गुड़ को थोड़ा कूटकर डालना है। गुड़ कई बार बड़े साइज में होता है, उसे फोड़कर छोटे टुकड़ों में कर लें या फिर पाउडर जैसा बना लें। अब गुड़ के साथ पानी डालकर पका लें। इससे गुड़ वाली चाशनी बनकर तैयार हो जाएगी।
आटा कैसे मिलाना है सीखें
अब गुड़ वाली चाशनी को किसी कटोरे या तसले में निकाल लें और उसमें मिला दें 2 कप आटा। आटा मिलाकर इसके ऊपर 1 चम्मच सौंफ और 1 चम्मच इलायची पाउडर डालें और आटे की तरह इसे गूंथते हुए भुरभुरा बना लें। अब थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें। फिर इसे करीब 10 मिनट के लिए छोड़ दीजिए।
इस ट्रिक से फूलेंगे आपके गुलगुले
हर किचन में मौजूद होता है बेकिंग सोडा। आपको आटे-गुड़ वाले घोल में 1 चुटकी बेकिंग सोडा मिक्स करना है और फिर इसे 2 मिनट के लिए ऐसे ही रेस्ट पर छोड़ दें। दूसरी तरफ आप कड़ाही में तेल गर्म कर लीजिए।
गुलगुले तल लें
बस फिर पकौड़ी जैसे शेप में गुलगुलों को तेल में डालकर गोल्डन ब्राउन होने तक तल दीजिए। आपके मुलायम-फूले हुए गुलगुले बनकर तैयार हो जाएंगे। बस फिर आपके गुलगुले बनकर तैयार है, इसे आप खाएं और सभी को खिलाएं। कबिता की टिप है कि अगर आप इसमें पका हुआ केला मैश करके मिलाते हैं, तो गुलगुले और ज्यादा मुलायम और फूले हुए बनते हैं। साथ ही टेस्ट भी बढ़िया आता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.