JSW Motors दिवाली 2026 से पहले कॉम्बैट एसयूवी के साथ भारत में एंट्री करेगी। कंपनी अगले 4 साल में 15 नई एनर्जी वाली कारें लाएगी, जिनमें EV, Hybrid और PHEV मॉडल शामिल होंगे।
कॉम्बैट होगी पहली एसयूवी
JSW कॉम्बैट कंपनी का भारत में पहला मॉडल होगा। बॉक्सी और रगेड डिजाइन वाली इस एसयूवी को प्रीमियम ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। इसका मुकाबला Jeep Compass और Toyota Fortuner जैसी एसयूवी के अलावा बाजार में मौजूद हाइब्रिड मॉडल से हो सकता है। कंपनी इसके लिए लोकल डिमांड के हिसाब से जेटूर T2 में जरूरी बदलाव करेगी। कॉम्बैट की बुकिंग लॉन्च के आसपास शुरू होने की उम्मीद है।
15 से 50 लाख रुपये के बीच हो सकती है कीमत
कॉम्बैट को प्रीमियम एसयूवी के तौर पर लाया जाएगा। फिलहाल इसकी संभावित कीमत करीब 15 लाख से 50 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। हालांकि, फाइनल प्राइस वेरिएंट और पावरट्रेन के हिसाब से अलग होगा। कंपनी कॉम्बैट के जरिए भारतीय बाजार में अपनी बड़ी प्लानिंग की शुरुआत करेगी और अगले चार साल में एक के बाद एक 14 और न्यू एनर्जी व्हीकल्स की मार्केट में एंट्री होगी।
ईवी, हाइब्रिड और PHEV पर रहेगा फोकस
JSW मोटर्स की नई गाड़ियों में सिर्फ इलेक्ट्रिक कारें ही शामिल नहीं होंगी। कंपनी बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, हाइब्रिड, प्लग-इन हाइब्रिड और रेंज-एक्सटेंडर इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजी पर भी काम करेगी। कंपनी का पोर्टफोलियो करीब 10 लाख रुपये से शुरू होकर 30 लाख रुपये से ज्यादा कीमत वाली गाड़ियों तक जा सकता है। JSW की योजना तेजी से नए मॉडल लॉन्च करने की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी करीब हर तीन महीने में एक नया मॉडल ला सकती है।
चेरी के साथ साझेदारी से तेजी से आएंगी कारें
नई गाड़ियों को जल्द बाजार में लाने के लिए JSW Motors ग्लोबल कंपनियों के साथ पार्टनरशिप कर रही है। चेरी के साथ साझेदारी इसी का हिस्सा है। कंपनी मौजूदा ग्लोबल प्लेटफॉर्म और पावरट्रेन का इस्तेमाल करके उन्हें इंडियन कंडीशन्स के हिसाब से तैयार करेगी। जेटूर T2 पर बेस्ड Combat के अलावा Jaecoo J5 और iCaur V23 जैसे मॉडल की भी भारत में टेस्टिंग की जा चुकी है। बताते चलें कि JSW कॉम्बैट और आने वाले दूसरे मॉडल महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में बन रही कंपनी की नई फैक्ट्री में तैयार किए जाएंगे। इस ग्रीनफील्ड प्लांट की शुरुआती ऐनुअल प्रोडक्शन कैपेसिटी करीब 5 लाख व्हीकल होने की योजना है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.