अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में संजू सैमसन के बल्ले से सिर्फ 10 रन निकले। दो चौकों के बाद उनकी पारी समाप्त हो गई। अब उन पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। आकाश चोपड़ा ने भी कहा है कि अब एक-एक पारी का हिसाब रखा जाएगा।
अब संजू सैमसन की हर पारी का रखा जाएगा हिसाब
वैभव सूर्यवंशी की जगह प्लेइंग XI में वापसी कर रहे संजू सैमसन को लेकर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कमेंट्रेटर आकाश चोपड़ा ने भी संजू पर बन रहे दबाव के बारे में बात की है। उन्होंने साफ शब्दों में कहने की कोशिश की है कि अब संजू की एक-एक पारी का हिसाब रखा जाएगा, क्योंकि ड्रेसिंग रूम में जो बल्लेबाज अपने मौके का इंतजार कर रहा है उसका नाम वैभव सूर्यवंशी है और उसने जिम्बाब्वे में खेली गई पिछली सीरीज और आईपीएल में दमदार प्रदर्शन किया था। आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यब चैनल पर भारत और अफगानिस्तान के मैच का विश्लेषण करते हुए कहा कि “मेरा ध्यान सिर्फ एक खिलाड़ी पर था और वो थे संजू सैमसन। आप विश्व कप जीतते हैं और फिर दो मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद आपको टीम से बाहर कर दिया जाता है। हालांकि, वो फिर से आउट हो गए। एक पारी खराब हो गई है और अब पारियों का हिसाब-किताब होना बाकी है। वैभव सूर्यवंशी बाहर बैठे हैं। मैं संजू को खिलाने के पक्ष में था, लेकिन जब तक वैभव बाहर बैठे रहेंगे, दबाव बना रहेगा।”
पांचवें गेंदबाज और शिवम दुबे को आखिरी ओवर देने पर भी सवाल
आकाश चोपड़ा ने मैच का विश्लेषण करते हुए भारत के पांचवें गेंदबाज की मुसीबत के बारे में भी बात की। उन्होंने शिवम दुबे को आखिर ओवर में गेंदबाजी दिए जाने पर भी नाराजगी जाहिर की है। बता दें कि भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला 15 सितंबर और तीसरा मुकाबला 17 सितंबर को खेला जाएगा। ये दोनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ही खेले जाएंगे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.