नगर पंचायत दनकौर में विकास कार्यों को गति देने के लिए उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 83 लाख की धनराशि जारी की गई है। यह धनराशि जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह के प्रस्ताव पर स्वीकृत की गई है, जिससे नगर पंचायत की लगभग पांच गलियों का निर्माण एवं संबंधित विकास कार्य कराए जाएंगे। आज नगर पंचायत दनकौर में आयोजित एक कार्यक्रम में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने इन विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर नगर पंचायत के प्रतिनिधि दीपक कुमार के साथ साथ कमल गोयल, महिपाल गर्ग, संदीप जैन, शैलेन्द्र गोविल, नीरज शर्मा, रणदीप कपासिया, गजेन्द्र बाल्मीकि, पुष्पेन्द्र शर्मा आदि बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा, “दनकौर का समग्र विकास हमारी प्राथमिकताओं में है। नगर क्षेत्र की जिन गलियों और बुनियादी सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता है, उन्हें चरणबद्ध तरीके से बेहतर किया जा रहा है। शासन द्वारा स्वीकृत 83 लाख की इस धनराशि से पांच प्रमुख गलियों का निर्माण होने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और नगर की आधारभूत संरचना और मजबूत होगी।”
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने आगे कहा “माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार गांव, कस्बे और शहरों के समान एवं संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि दनकौर में सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार हो तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।”
जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि इनका लाभ शीघ्र ही आम जनता को मिल सके।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.