Janmashtami Bhog: जन्माष्टमी के मौके पर लड्डू गोपाल को भोग लगाने के लिए सारी मिठाईयां बाजार से ना खरीदें। कुछ पकवान खुद से भी तैयार करें। जैसे ये पंचमेवा पाग। जिसे बनाना आसान है और मिनटों में बनकर रेडी हो जाता है। नोट कर लें रेसिपी
जन्माष्टमी का पर्व 4 सितंबर को मनाया जाएगा और इस मौके पर लड्डू गोपाल की पूजा के साथ ही लोग उन्हें तरह-तरह की मिठाईयों का भोग लगाते हैं। लेकिन बाजार से हर मिठाई मंगाने की बजाय आप कुछ भोग घर में तैयार कर सकते हैं। इन्हें बनाने में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा जैसे ये पंच मेवा पाग, जिसे काफी सारे लोग घर में ही बनाकर तैयार करते हैं। इस पाग को भगवान को भोग लगाने से उनकी कृपा मिलेगी। साथ ही इसका टेस्ट भी लाजवाब होगा जो घर वालों को पसंद आएगा। नोट कर लें पंच मेवा पाग बनाने की आसान सी रेसिपी।
पंच मेवा पाग बनाने की सामग्री
एक छोटा नारियल का गोला
एक कप मखाना
आधा कप काजू
आधा कप बादाम
एक चौथाई कप किशमिश
दो चम्मच पोस्ता के दाने
एक कप चीनी
आधा कप पानी
पंच मेवा पाग बनाने की रेसिपी
- सबसे पहले सूखे नारियल को बारीक टुकड़ों में पतला और लंबा आकार में काटें। साथ ही थोड़े से नारियल को कद्दूकस कर लें।
- साथ ही मखाने को भून लें। भूनने के लिए कड़ाही में एक चम्मच देसी घी डालें और अच्छी तरह से क्रिस्पी रोस्ट करके मखाना साइड में रख लें।
- साथ ही काजू और बादाम को भी रोस्ट कर लें और बारीक टुकड़ों में काट लें।
- सबसे आखिरी में नारियल को भी कड़ाही में डालकर थोड़ा सुनहरा होने तक भून लें। जिससे इसका स्वाद बढ़ जाए और कलर भी दिखने में परफेक्ट लगे। अगर आपको दिक्कत हो तो गरी के ब्राउन वाले छिलके को भी छीलकर निकाल दें। इससे ये ज्यादा सॉफ्ट और टेस्टी बनकर तैयार होंगे।
- जब सारी चीजें अच्छी तरह से रोस्ट हो जाएं तो थोड़े से खसखस के दानों को भी कड़ाही में रोस्ट कर लें।
- किशमिश को चाहें तो छोटे टुकड़ों में काट लें। जिससे हर बाइट में इसका स्वाद मिले।
- अब पैन में एक कप चीनी और आधा कप पानी डालकर पिघलाएं।
- करीब एक तार की चाशनी बनाएं। चाशनी एक तार की है ये चेक करने के लिए थोड़ी सी चाशनी को करछूल में लेकर उंगली पर लें और अंगूठे को उंगली से सटाकर चेक करें कि चाशनी में एक तार बन रहा है या नहीं।
- जब एक तार बन जाए तो फिर इसमे सारे फ्राईड मेवे को डालकर तेजी से चलाएं और गैस बंद कर दें।
- अब किसी थाली पर या किसी स्टील के डिब्बे में बटर पेपर बिछाकर उसके ऊपर पलटें और अच्छी तरह से फ्लैट कर दें। जिससे कि ये चिकना हो जाए।
- जब ये हल्का गर्म ही हो तभी चाकू से इसमे मनचाहा शेप दे दें।
- बस ठंडा हो जाने पर भगवान को भोग लगाएं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.