स्टीव जॉब्स से लेकर मार्क जुकरबर्ग और Google से जुड़े लैरी ब्रिलिएंट तक, टेक दुनिया के कई चर्चित नाम उत्तराखंड के कैंची धाम और नीम करौली बाबा से किसी ना किसी रूप में जुड़े रहे हैं। आइए आपको इनके बारे में बताते हैं।
स्टीव जॉब्स ने आश्रम में बिताया वक्त
कैलिफोर्निया की टेक कंपनी Apple के को-फाउंडर स्टीव जॉब्स साल 1974 में भारत आए थे। उस समय वह युवा थे और जिंदगी के मकसद और आध्यात्मिकता को लेकर जवाब तलाश रहे थे। वह नीम करौली बाबा से मिलने की उम्मीद लेकर भारत पहुंचे थे, लेकिन जब वह यहां आए, तब तक बाबा का निधन हो चुका था। इसके बावजूद भारत में बिताया गया समय जॉब्स के लिए काफी महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने करीब सात महीने भारत में बिताए और इस दौरान आध्यात्मिकता और भारतीय दर्शन को करीब से समझने की कोशिश की।
स्टीव जॉब्स के इस अनुभव का जिक्र बाद में उनकी सोच और जीवन से जुड़े कई इवेंट्स में सामने आया। उन्होंने खुद माना कि इंट्यूशंस यानी अंतर्ज्ञान को लेकर उनका नजरिया इस भारत यात्रा के बाद काफी बदला।
मार्क जुकरबर्ग भी आए थे बाबा के आश्रम
लोकप्रिय सोशल मीडिया कंपनी Facebook के फाउंडर मार्क जुकरबर्ग भी इस आश्रम आ चुके हैं। साल 2008 में Facebook मुश्किल दौर से गुजर रहा था। इसी समय जुकरबर्ग ने स्टीव जॉब्स से सलाह ली और जॉब्स ने उन्हें भारत जाने और कैंची धाम की यात्रा करने को कहा। मार्क ने उनकी बात मानी और उत्तराखंड पहुंचे। बाद में उन्होंने भारत में इस यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि इस अनुभव ने उन्हें Facebook के मकसद और कंपनी के मिशन के बारे में दोबारा सोचने में मदद की।
गूगल और eBay से भी है बाबा का कनेक्शन
नीम करौली बाबा का कनेक्शन Google से भी मिलता है। अमेरिकी डॉक्टर लैरी ब्रिलिएंट बाबा से प्रभावित होकर भारत आए और कैंची धाम में समय बिताया। बाद में वह WHO के चेचक उन्मूलन अभियान से जुड़े और इसके बाद Google.org के फाउंडिंग एग्जक्यूटिव डायरेक्टर बने। इस तरह उनकी जिंदगी में भारतीय आध्यात्मिकता, ग्लोबल हेल्थ और सिलिकॉन वैली की टेक्नोलॉजी तीनों का अनोखा संगम देखने को मिलता है।
Economic Times की रिपोर्ट में Google के लैरी पेज और eBay के जेफ्री स्कॉल के भी नीम करौली बाबा से जुड़े होने का जिक्र किया गया है। साफ समझ आया है कि टेक दुनिया के कुछ प्रभावशाली लोगों ने अपने जीवन के अलग-अलग पड़ावों पर भारत और आध्यात्मिकता में उन सवालों के जवाब तलाशे, जिनका संबंध सिर्फ पैसे, बिजनेस या टेक्नोलॉजी से नहीं था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.