इजराइल ने दुबई से उड़ान भरने वाले उस विमान को मार गिराने की तैयारी कर ली थी, जिसके हाईजैक का अलर्ट भेजा गया था। अलर्ट मिलते ही फाइटर जेट्स रवाना कर दिए गए थे। विमान में 174 यात्री सवार थे। टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक सरकार को आशंका थी कि विमान का कंट्रोल वापस नहीं मिला, तो वह इजराइल में 9/11 जैसा हमला कर सकता है। खतरा टालने के लिए विमान को हवा में ही मार गिराना पड़ सकता था। भारत में इजराइल के राजदूत रियूवेन अजार ने बताया कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को कार्रवाई पर फैसला लेना पड़ सकता था। भारतीय पायलट और यात्रियों ने हिम्मत दिखाकर हमलावर को-पायलट पर काबू पाया और विमान को सऊदी में सुरक्षित उतार लिया गया। हाईजैकर्स से बातचीत के लिए भी तैयार था इजराइल इजराइल ने इसके लिए भी तैयारी की थी कि हाईजैकर्स विमान में सवार यात्रियों को बंधक बनाकर अपनी मांगें रख सकते हैं। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए इजराइल की राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी यूनिट यामाम को अलर्ट किया गया था। योजना थी कि अगर हाईजैकर्स यात्रियों को छोड़ने के बदले कोई मांग रखते हैं, तो उनसे बातचीत और बंधकों को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई के लिए यह विशेष यूनिट मोर्चा संभालेगी। विमान दूसरे देश में गिरता तो कमांडो भेजता इजराइल इजराइल ने ऐसी स्थिति के लिए भी तैयारी की थी, जिसमें हाईजैक हुआ विमान उसके बजाय जॉर्डन या सऊदी अरब में क्रैश हो जाता। ऐसे मौके पर विमान में फंसे यात्रियों और क्रू को बचाने के लिए इजराइली एयरफोर्स की विशेष कमांडो यूनिट शालदाग को भेजने की योजना बनाई गई थी। इसी यूनिट ने अप्रैल में ईरान में अमेरिकी F-15E स्ट्राइक ईगल विमान के क्रैश होने के बाद दो अमेरिकी एयरक्रू सदस्यों को बचाने के अभियान में हिस्सा लिया था। अगर विमान की हाईजैकिंग का शक तो 4 नियम 1. पहले विमान को सुरक्षित उतारने की कोशिश अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के मुताबिक अगर किसी विमान के हाईजैक होने का शक हो, तो सुरक्षा एजेंसियां पहले उससे संपर्क करने और उसे सुरक्षित उतारने की कोशिश करती हैं। जरूरत पड़ने पर लड़ाकू विमान भेजे जा सकते हैं। 2. हालात का अंदाजा लगाकर फैसला सिर्फ हाईजैक होने के शक के कारण विमान को गिराने की अनुमति नहीं मिल जाती। हर मामले में खतरे की गंभीरता और हालात को देखना पड़ता है। 3. यात्रियों और क्रू की सुरक्षा जरूरी ICAO के मुताबिक, उड़ान के दौरान नागरिक विमान के खिलाफ हथियारों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। विमान को रोकने की कार्रवाई में यात्रियों और क्रू की जान का ध्यान रखना जरूरी है। 4. हमले की स्थिति में सभी विकल्प खुले अगर विमान को किसी इमारत या भीड़ पर हमला करने के लिए इस्तेमाल किए जाने का खतरा हो, तो स्थिति बेहद गंभीर हो जाती है। सुरक्षा एजेंसियां उसे रोकने के विकल्पों पर विचार करती हैं। हालांकि, विमान को गिराने का फैसला अपने आप सही या कानूनी नहीं हो जाता। यह हालात और कानूनों पर निर्भर करता है। एक मिनट में 16 हजार फीट नीचे आया विमान फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, घटना के करीब ढाई घंटे बाद विमान एक मिनट में 33 हजार फीट से 17 हजार फीट की ऊंचाई पर आ गया। विमान बोइंग 737 मैक्स 8 था। न्यूजीलैंड के फ्लाइट स्कूल के प्रमुख फिलिप कीन ने विमान की सुरक्षित लैंडिंग को चमत्कार बताया। इसी स्कूल में कैप्टन स्मित मच्छर ने ट्रेनिंग ली थी। कीन ने कहा कि विमान इतनी तेजी से नीचे आने के बावजूद टूटने से बच गया। घायल भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर की हालत में सुधार घायल भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर की हालत में सुधार हो रहा है। UAE में भारतीय दूतावास के मुताबिक, वे अच्छी हालत में हैं और तेजी से ठीक हो रहे हैं। मच्छर को पहले सऊदी अरब के तबुक शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें इलाज के लिए UAE लाया गया। गुरुवार को UAE में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल जाकर कैप्टन और उनके परिवार से मुलाकात की। आरोपी को-पायलट ने कॉकपिट में कैप्टन मच्छर पर चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छर ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद यात्रियों और क्रू ने को-पायलट को काबू किया और विमान में मौजूद दूसरे पायलटों ने उसे सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा। इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छर को ‘सच्चा हीरो’ बताया। 9/11 हमले में करीब 3000 लोग मारे गए थे 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में हुए 9/11 हमले में करीब 3,000 लोगों की मौत हुई थी। आतंकवादी संगठन अल-कायदा के 19 आतंकियों ने चार यात्री विमानों को हाईजैक कर लिया था। इनमें से दो विमानों को न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के टावरों से और एक को अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय पेंटागन से टकरा दिया गया। चौथा विमान यात्रियों के विरोध के बाद एक खेत में गिर गया। ———————- ये खबर भी पढ़ें… इजराइली यात्री ने TV शो देखकर प्लेन उड़ाना सीखा:हमलावर पायलट को पकड़कर हाइजैकिंग रोकी; खून सने कपड़ों में नेतन्याहू से मिलने पहुंचा दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में बुधवार सुबह कॉकपिट के अंदर पायलटों के बीच झगड़ा हो गया। ओमानी पायलट ने भारतीय पायलट स्मित मच्छर पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद विमान तेजी से नीचे जाने लगा। पूरी खबर यहां पढ़ें…
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.