दिल्ली यातायात पुलिस ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए व्यापक यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर डीडीसीए से 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले भारत-अफगानिस्तान टी-20 मैच को पुनर्निर्धारित करने के लिए कहा है।
मैच हो सकता है रिशेड्यूल
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का हवाला देते हुए, दिल्ली यातायात पुलिस ने डीडीसीए से अरुण जेटली स्टेडियम में 13 सितंबर के भारत-अफगानिस्तान क्रिकेट मैच को पुनर्निर्धारित करने को कहा। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज 13 सितंबर से शुरू होगी। इसके बाद भारतीय टीम जापान से 22 सितंबर को एक मैच खेलेगी। एशियाई खेलों में भारत को पहला मैच 28 सितंबर को खेलना है।
डीडीसीए को पुलिस उपायुक्त ने लिखा लेटर
दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के सचिव को नौ सितंबर को लिखे पत्र में मध्य रेंज के पुलिस उपायुक्त (यातायात) ने कहा कि 12 और 13 सितंबर को होने वाले शिखर सम्मेलन के लिए बड़ी संख्या में विदेशी प्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों और वीवीआईपी के दिल्ली आने की उम्मीद है। पत्र में कहा गया है कि शिखर सम्मेलन के लिए व्यापक यातायात व्यवस्था की आवश्यकता होगी, जिसमें वीवीआईपी/वीआईपी मार्ग विनियमन, यातायात मार्ग परिवर्तन और विदेशी प्रतिनिधियों के वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए कर्मियों की तैनाती शामिल है।
पत्र के अनुसार, 13 सितंबर के क्रिकेट मैच में लगभग 25,000 से 35,000 दर्शकों के आने की उम्मीद है। यातायात पुलिस ने कहा कि अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास के इलाकों और डीडीयू मार्ग, बीएसजेड मार्ग, मिंटो रोड व कमला मार्केट पर पहले से ही काफी संख्या में वाहन और पैदल लोग आते-जाते हैं। पत्र के मुताबिक, मैच के कारण बीएसजेड मार्ग, माता सुंदरी कॉलेज, राजघाट और बाल भवन के आसपास अतिरिक्त यातायात और पार्किंग बढ़ने की संभावना है। इससे सड़क पर वाहनों के चलने के लिए जगह कम हो सकती है और जाम लग सकता है।
इसमें बताया गया कि बड़ी संख्या में दिल्ली यातायात पुलिस के कर्मियों को पहले से ही ब्रिक्स से संबंधित यातायात विनियमन, मार्ग परिवर्तन और वीवीआईपी/वीआईपी आवाजाही के लिए तैनात किया गया है। पत्र में कहा गया है कि इसी के साथ क्रिकेट मैच के लिए व्यवस्था करने से कर्मियों पर काफी दबाव पड़ेगा और यातायात मार्ग परिवर्तन, पार्किंग, भीड़ विनियमन, आपातकालीन पहुंच और मार्ग निकासी में महत्वपूर्ण चुनौतियां पैदा होंगी।
अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय टीम :
श्रेयस अय्यर (कप्तान ), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतिश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरूण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर ।
अफगानिस्तान की टीम
इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, नूर रहमान, सेदिकुल्लाह अटल, दरवेश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नैब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांगयाल खरोटी, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी, अब्दुल्लाह अहमदजई और नवीन उल हक।
रिजर्व खिलाड़ी: इजाज अहमदजई, शाहिदुल्लाह कमाल और फरीद अहमद मलिक।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.