पाकिस्तानी दिग्गज जहीर अब्बास ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर दमदार बात कही है। 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक रोहित 40 साल से अधिक के हो जाएंगे जबकि कोहली 39 साल के होंगे।
‘उसकी बैटिंग देखने में मजा आता है’
अपने शानदार करियर में 100 से अधिक प्रथम श्रेणी शतक लगा चुके इस दिग्गज पूर्व बल्लेबाज ने कहा कि भारत को दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले विश्व कप में इन दोनों के अनुभव का काफी फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा, ”मैंने रोहित को इंग्लैंड में शतक लगाते देखा और उसकी बल्लेबाजी देखने में मजा आता है। वह इतना सहज होकर उम्दा टाइमिंग से खेलता है।” पाकिस्तानी प्रशंसकों से अपनी टीम का समर्थन करने का अनुरोध करते हुए उन्होंने कहा, ”उम्मीद है कि बाबर आजम के टेस्ट कप्तान के तौर पर लौटने से चीजें बदलेंगी। वह विश्व स्तरीय खिलाड़ी है और एक बार वह रन बनाने लगे तो टीम पर सकारात्मक असर पड़ेगा। पाकिस्तान क्रिकेट के अच्छे दिन लौटेंगे।”
‘मैं भी उसी स्थिति में रहा जिसमें…’
भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने हाल ही में ‘जियोस्टार’ पर बात करते हुए टीम प्रबंधन और रोहित-कोहली के बीच उनके भविष्य को लेकर स्पष्ट बातचीत की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने भारतीय ‘थिंक टैंक’ (फैसले करने वाले महत्वपूर्ण लोग) से अपील की कि अगर इन दोनों को अगले साल दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में होने वाले विश्व कप में खिलाने की योजना है तो उनका पूरी तरह समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा, ”मैं भी उसी स्थिति में रहा हूं जिसमें रोहित और विराट हैं इसलिए यह तय करना हमारे लिए सही नहीं है कि उन्हें खेलना चाहिए या नहीं। यह टीम प्रबंधन, कोच और चयनकर्ताओं को तय करना है।”
‘कंधे पर हाथ रखकर कहना होगा…’
पूर्व ऑलराउंडर ने कहा, ”अगर आप चाहते हैं कि वे विश्व कप खेलें तो आपको उनके कंधे पर हाथ रखकर कहना होगा, ‘दोस्तों, हम चाहते हैं कि आप विश्व कप खेलें। हम आपका पूरा समर्थन कर रहे हैं। मैदान पर जाओ और जैसे हो वैसे ही खेलो। इस बात का कोई तनाव नहीं है कि अगर कल आपकी सीरीज अच्छी नहीं रही तो आप टीम में नहीं रहेंगे’।” अगले साल चार अक्टूबर से 21 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप तक रोहित 40 साल से अधिक के हो जाएंगे जबकि कोहली 39 साल के होंगे। कोहली के भविष्य को लेकर अधिक अटकलें नहीं हैं लेकिन इंग्लैंड में तीसरे वनडे से पहले ऐसी खबरें आई थीं कि यह इस प्रारूप में रोहित का आखिरी मैच हो सकता है। हालांकि भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने इन अफवाहों को खारिज कर दिया था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.