हरमनप्रीत कौर ने कहा है कि फाइनल में बल्लेबाजों को आक्रामक शॉट खेलने से पहले क्रीज पर कुछ समय बिताना होगा। उन्होंने ये भी कहा है कि खिताबी मुकाबले में खिलाड़ियों को अपनी ताकत पर भरोसा रखना होगा।
जो टीम बेहतर क्रिकेट खेलती है, वही जीतती है
हरमनप्रीत ने फाइनल से पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”जब आप ऐसा मैच खेल रहे हों जिसे जीतना टूर्नामेंट के लिए बेहद जरूरी है तो उस दिन सिर्फ अपनी ताकत के मुताबिक खेलना और उस पर भरोसा करना ही सबसे अहम होता है। बहुत ज्यादा चीजें आजमाने या कुछ असाधारण करने के बजाय अपनी ताकत पर टिके रहना, खुद पर भरोसा करना और अपने फैसले पर विश्वास रखना जरूरी है।”
ठोस रणनीति के साथ उतरेंगे
भारतीय कप्तान ने हालांकि माना कि दुबई की पिच पर बल्लेबाजी आसान नहीं रही है। उन्होंने कहा कि फाइनल में बल्लेबाजों को आक्रामक शॉट खेलने से पहले क्रीज पर कुछ समय बिताना होगा। हरमनप्रीत ने कहा, “इस पिच पर बल्लेबाजी थोड़ी मुश्किल है, लेकिन हमें खुद पर और अपनी ताकत पर भरोसा करना होगा। हमें पता है कि हमारी बल्लेबाजी काफी मजबूत है। उस दिन जो खिलाड़ी अच्छी स्थिति में हो, उसे जिम्मेदारी लेनी चाहिए और टीम को जीत तक पहुंचाना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “आपको पहले कुछ समय क्रीज पर बिताना होगा और उसके बाद शॉट खेलने की कोशिश करनी चाहिए। जो बल्लेबाज जम जाए, उसे जिम्मेदारी लेते हुए अंत तक खेलना होगा।”
श्रीलंका की स्टार सलामी बल्लेबाज चामरी अटापट्टू के बारे में पूछे जाने पर हरमनप्रीत ने कहा कि भारत उन्हें जल्द आउट करना चाहेगा, लेकिन टीम का पूरा ध्यान केवल उन पर नहीं होगा। उन्होंने कहा, “हम निश्चित रूप से उनका विकेट जल्द से जल्द लेना चाहेंगे क्योंकि हम जानते हैं कि बल्लेबाजी के दौरान वह कितनी खतरनाक हो सकती हैं। हम उनके खिलाफ ठोस रणनीति के साथ उतरेंगे, लेकिन सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि सभी बल्लेबाजों के खिलाफ हमारी योजना होगी।” हरमनप्रीत को फाइनल में भारतीय प्रशंसकों की बड़ी मौजूदगी की भी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि दर्शकों का समर्थन खिलाड़ियों के लिए अतिरिक्त ऊर्जा का काम करता है।
श्रीलंका ने दो साल पहले पिछले सत्र के फाइनल में भारत को हराया था। हरमनप्रीत ने कहा कि उनकी टीम इस मुकाबले को मजबूत और कमजोर टीम के बीच की लड़ाई के तौर पर नहीं देख रही है। उन्होंने कहा, “पिछली बार जब हम श्रीलंका के खिलाफ खेले थे तो उन्होंने काफी ठोस रणनीति और शानदार प्रदर्शन किया था। टी20 क्रिकेट में किसी खास दिन जो टीम बेहतर क्रिकेट खेलती है, वही जीतती है।”
टीम में हर कोई महत्वपूर्ण
भारत ने 2024 के फाइनल में 165 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया था, लेकिन श्रीलंका ने आठ विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की थी। हरमनप्रीत ने कहा, “इसमें कोई संदेह नहीं है कि कोई टीम दूसरी से मजबूत या कमजोर है। यह सिर्फ महत्वपूर्ण दिन पर अच्छा क्रिकेट खेलने की बात है।” हरमनप्रीत ने टूर्नामेंट के अलग-अलग चरणों में टीम की विभिन्न खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन करने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि टीम की हर खिलाड़ी महत्वपूर्ण है और उसका योगदान मायने रखता है।
उन्होंने कहा, “टीम में हर कोई महत्वपूर्ण है और उनका योगदान हमारे लिए बहुत मायने रखता है। यह देखकर अच्छा लगता है कि जिसे भी मौका मिल रहा है, वह शानदार प्रदर्शन कर रही है।” उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी इकाई ने मुश्किल परिस्थितियों में भी रन बनाने में सफलता हासिल की है, जबकि गेंदबाजों ने भी जरूरत के समय मजबूत प्रदर्शन किया है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.