कढ़ी-चावल किसे पसंद नहीं होता? अगर आप भी इसे बड़े चाव से खाते हैं, तो इसे छोड़ने की जरूरत नहीं है। बस रेसिपी में छोटे-छोटे बदलाव करके आप अपनी थाली में प्रोटीन बढ़ा सकते हैं।
अच्छी बात यह है कि सोया पकौड़े बनाने के लिए उन्हें खूब सारे तेल में तलना भी जरूरी नहीं है। आप इन्हें अप्पे वाले बर्तन में बहुत कम तेल के साथ बना सकते हैं या फिर एयर फ्रायर भी यूज कर सकते हैं।
1. बेसन के पकौड़ों की जगह…
कढ़ी के लिए इस बार तले हुे बेसन के पकौड़े बनाने के बजाय सोया के पकौड़े बनाकर देखें। इसके लिए सोया को पहले पानी में अच्छी तरह भिगोकर नरम कर लें। फिर उसका पानी अच्छे से निचोड़ दें और सोया को पीस लें। इसमें नमक, हल्दी, थोड़ा सा लाल मिर्च पाउडर, धनिया और हरी मिर्च मिला सकते हैं। अब इस मिश्रण से छोटे-छोटे पकौड़े बना लें। कोशिश करें कि पकौड़े बहुत बड़े ना हों, ताकि वे अंदर तक अच्छी तरह पक जाएं।
2. अप्पे वाला बर्तन…
अगर आप पकौड़ों को ज्यादा तेल में नहीं तलना चाहते, तो अप्पे वाला बर्तन बहुत काम आएगा। इसके लिए बर्तन के हर खाने में थोड़ा सा तेल लगाएं और उसमें सोया का मिश्रण डाल दें। इन्हें धीमी या मध्यम आंच पर पकाएं। जब नीचे से पक जाएं तो धीरे से पलट दें। इस तरह स्वाद भी मिलेगा और पकौड़ों को तेल में डुबोकर तलने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
3. एयर फ्रायर
घर में एयर फ्रायर है तो सोया पकौड़े उसमें भी आसानी से बन सकते हैं। पकौड़ों पर थोड़ा सा तेल लगाएं और अंदर रख दें। बीच में एक बार पलट दें, ताकि वे दोनों तरफ से अच्छे से पक जाएं। इस तरीके से पकौड़ों में तेल कम लगेगा और वे हल्के कुरकुरे भी बनेंगे।
4. कढ़ी में भी कम तेल रखें
सिर्फ पकौड़ों को बदलने से ही काम पूरा नहीं होता। अगर आप कढ़ी को थोड़ा हल्का रखना चाहते हैं, तो तड़के में भी तेल कम रखें। जीरा, करी पत्ता, हींग और सूखी लाल मिर्च जैसे मसालों से कढ़ी का स्वाद बढ़ाया जा सकता है। कम तेल में भी अच्छी स्वाद वाली कढ़ी बन सकती है।
सोया से मिलेगा प्रोटीन
- अगर आप शाकाहारी खाना खाते हैं और रोज के खाने में प्रोटीन बढ़ाने के तरीके ढूंढ रहे हैं, तो यह एक अच्छा ऑप्शन है। कढ़ी में सोया पकौड़े डालने से आपको अपनी पसंदीदा डिश में ही प्रोटीन बढ़ाने का एक आसान तरीका मिल जाता है।
- हेल्दी खाने का मतलब यह नहीं है कि आपको कढ़ी-चावल जैसे अपने पसंदीदा खाने को छोड़ना पड़े। कई बार बस बनाने का तरीका थोड़ा बदलना काफी होता है। अगली बार जब घर में कढ़ी-चावल बने, तो बेसन के पकौड़ों की जगह सोया पकौड़े बनाकर देखें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.