Hindi Diwas Speech : हिंदी दिवस पर देश भर के स्कूल कॉलेजों में भाषण व निबंध लेखन जैसे प्रतियोगिताएं होती हैं। हम यहां स्कूली छात्रों की मदद के लिए एक भाषण का उदाहरण दे रहे हैं। स्टूडेंट्स यहां से अपनी स्पीच का आइडिया ले सकते हैं।
हिंदी दिवस पर आसान भाषण
आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय, सम्मानित शिक्षकगण और मेरे प्रिय साथियों,
आप सभी को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं!
आज 14 सितंबर का दिन हम सभी भारतवासियों के लिए गर्व और सम्मान का दिन है। 14 सितंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में लिखी हिंदी को संघ की राजभाषा स्वीकार किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में वर्ष 1953 से हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है।
भारत विविधताओं से भरा देश है, जहां अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग भाषाएं, बोलियां और पहनावा है। हिंदी इन सभी विविधताओं के बीच हमें एक सूत्र में पिरोने और जोड़ने का काम करती है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने हिंदी को जनमानस की भाषा कहा था।
आज हिंदी केवल हमारी भावनाओं को व्यक्त करने का साधन नहीं है, बल्कि यह तकनीक, इंटरनेट, शिक्षा और वैश्विक मंच पर भी तेजी से आगे बढ़ रही है। अंग्रेजी या अन्य भाषाएं सीखना अच्छी बात है, लेकिन हमें अपनी मातृभाषा हिंदी पर हमेशा गर्व होना चाहिए।
अंग्रेजी और मंदारिन (चीनी भाषा) के बाद हिंदी दुनिया में तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। अब एमबीबीएस (MBBS) और बीटेक (B.Tech) जैसी इंजीनियरिंग और डॉक्टरी की पढ़ाई भी हिंदी माध्यम में उपलब्ध हो रही है। इंटरनेट, सोशल मीडिया और ई-कॉमर्स की दुनिया में हिंदी का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए हर साल 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस मनाया जाता है।
आइए, आज के दिन हम सब संकल्प लें कि हम अपने दैनिक जीवन में हिंदी का सम्मान करेंगे और इसका सही प्रयोग करेंगे।
“हिंदी हमारी शान है, देश का अभिमान है।”
जय हिंदी, जय भारत!
हिंदी दिवस के प्रमुख नारे
“हिंदी हमारी शान है, देश का अभिमान है।”
“निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल।” — भारतेंदु हरिश्चंद्र
“हिंदी बोलें, हिंदी सीखें, अपनी भाषा को आगे बढ़ाएं।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.