Independence Day 2026 in Himachal: हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 15 अगस्त को छुठ्ठी नहीं रहेगी। शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने आदेश जारी कर सभी स्कूलों को स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमा से मनाने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने जारी किए आदेश
स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने इस संबंध में राज्य के सभी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा उपनिदेशकों, जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल कॉम्प्लेक्स के प्राचार्यों को लिखित पत्र भेजकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
शिक्षा निदेशक के निर्देशों के अनुसार, प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस का आयोजन बिना किसी लापरवाही के पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ किया जाएगा। विभाग का कहना है कि यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि छात्रों के भीतर देशभक्ति, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का एक शानदार अवसर है।
स्कूलों में आयोजित होंगी ये खास गतिविधियां
15 अगस्त के दिन सभी सरकारी स्कूलों में देशभक्ति का माहौल बनाने के लिए कई तरह के कार्यक्रमों का खाका तैयार किया गया है। सुबह-सुबह सभी स्कूलों में गरिमापूर्ण तरीके से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जाएगा और सामूहिक राष्ट्रगान होगा। छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीतों, नृत्य, नाटकों और कविता पाठ के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। भाषण प्रतियोगिताओं और विशेष चर्चाओं के माध्यम से देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया जाएगा।
आधिकारिक समारोहों में भी हिस्सा लेंगे छात्र और शिक्षक
शिक्षा विभाग ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों की भागीदारी केवल अपने विद्यालय परिसर तक ही सीमित नहीं रहेगी। सभी स्कूलों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे तहसील, सब-डिविजन और जिला मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले राज्य सरकार के आधिकारिक स्वतंत्रता दिवस समारोहों में भी सक्रिय रूप से हिस्सा लेंगे।
इसके लिए जिला उपनिदेशकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्राधिकार वाले सभी विद्यालयों तक इन आदेशों को तत्काल पहुंचाएं और समय रहते सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें ताकि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.