इंग्लैंड-पाकिस्तान तीसरा टेस्ट के पहले दिन मेजबान टीम ने अपना शिकंजा कसा। पाकिस्तान को 133 रनों पर ढेर करने के बाद इंग्लिश टीम ने दिन का खेल खत्म होने से पहले बढ़त भी हासिल की।
बाबर आजम समेत टॉप-5 बल्लेबाज फेल
ओवरकास्ट कंडीशन में बैटिंग करने उतरी पाकिस्तान की टीम का बुरा हाल ओली रॉबिन्सन और जोफ्रा आर्चर ने किया। टॉप-5 में से चार विकेट इन दोनों गेंदबाजों ने निकाले, वहीं कप्तान बाबर आजम को जोश टंग ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। पहले ही घंटे में पाकिस्तान ने 4 विकेट खो दिए थे, वहीं लंच तक उनके 7 बल्लेबाज पवेलियन में थे। वो तो शुक्र है साउद शकील की 43 रन की पारी का कि पाकिस्तान की टीम 100 रन का आंकड़ा पार करने में कामयाब रही, नहीं तो उनका और बुरा हाल होने वाला था। साउद शकील के अलावा गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने नंबर-10 पर आकर 21 रनों की पारी खेली।
ओली रॉबिन्सन और जोफ्रा आर्चर ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि जोश टंग को सबसे अधिक 4 सफलताएं मिली। इंग्लैंड ने कुल चार गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, जिसमें गस एटकिंसन खाली हाथ लौटे।
जो रूट ने फिर किया निराश
इंग्लैंड की बल्लेबाजी की शुरुआत भी तीसरे टेस्ट में अच्छी नहीं रही। जो रूट समेत बेन डकेट और जॉर्डन कॉक्स 39 के स्कोर तक पवेलियन में थे। इन तीन विकेट के साथ पाकिस्तान की थोड़ी बहुत उम्मीद जागी थी, मगर एमिलियो गे और हैरी ब्रूक ने फिफ्टी ठोक उनकी बची कुची उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया। एमिलियो गे 60 रन बनाकर आउट हुए, हैरी ब्रूक के साथ उन्होंने चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। ब्रूक ने दिन का खेल खत्म होने से पहले अपनी भी फिफ्टी पूरी की।
हैरी ब्रूक 52 रन बनाकर नॉटआउट हैं। उनका साथ डैन लॉरेंस दे रहे हैं। मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड की नजरें 300 पार के स्कोर पर होगी, ताकि वह पाकिस्तान पर और शिकंजा कस सके।
बता दें, इंग्लैंड 2-0 की अजेय बढ़त पहले ही सीरीज में बना चुका है। तीसरा टेस्ट जीतकर उनकी नजरें पाकिस्तान का सूपड़ा साफ करने पर है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.