इंडिया वर्सेस बांग्लादेश विमेंस एशिया कप 2026 का पहला सेमीफाइनल आज दुबई में खेला जाना है। इस टूर्नामेंट में भारत के मिडिल ऑर्डर ने काफी निराश किया है। हालांकि शेफाली वर्मा का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है।
भारत को सेमीफाइनल की तैयारी के लिए चार दिन का समय मिला। शेफाली ने कहा कि इस ब्रेक से खिलाड़ियों को थकान से अच्छी तरह उबरने और अभ्यास करने में मदद मिली।
उन्होंने कहा, ”हमने अच्छी तैयारी की है। हमें चार दिन का ब्रेक मिला और इन दिनों हमने अच्छी तरह ‘रिकवरी’ की और अभ्यास भी किया। इसलिए हम सभी सेमीफाइनल के लिए तैयार हैं। ”
हाल के दिनों में बांग्लादेश के खिलाफ शेफाली का प्रदर्शन यादगार रहा है और अब वह सेमीफाइनल में एक बार फिर इसी प्रतिद्वंद्वी का सामना करेंगी।
जब उनसे पूछा गया कि क्या पिछले अच्छे प्रदर्शन से उन्हें अतिरिक्त आत्मविश्वास मिलेगा तो शेफाली ने कहा कि वह उन पारियों से मिले आत्मविश्वास को जरूर साथ रखेंगी, लेकिन मैच में नए सिरे से शुरुआत करेंगी।
उन्होंने कहा, ”एक बल्लेबाज के तौर पर जब भी मैं बल्लेबाजी करने जाती हूं, तो सब कुछ शून्य से शुरू होता है। लेकिन पिछली पारी से जो चीज मेरे साथ आती है, वह आत्मविश्वास है। मैं उस आत्मविश्वास को साथ लेकर फिर से शून्य से शुरुआत करूंगी। ”
भारत की अंतिक एकादश में बदलाव की संभावना के बारे में शेफाली ने कहा कि इसका फैसला कप्तान हरमनप्रीत कौर करेंगी।
उन्होंने कहा, ”मैं कप्तान नहीं हूं इसलिए इसका फैसला कप्तान ही करेंगी। मैं बस अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करती हूं। ”
दुबई की परिस्थितियों में स्पिन गेंदबाजों को कुछ मदद मिल रही है, लेकिन शेफाली का मानना है कि भारतीय खिलाड़ी इन परिस्थितियों से परिचित हैं।
उन्होंने कहा, ”हां, बिल्कुल। यहां की परिस्थितियां भारत जैसी ही हैं इसलिए हम सभी इन्हें जानते हैं। विकेट पर थोड़ी टर्न है। हम सभी इसके लिए तैयार हैं और मैं भी परिस्थितियों को समझती हूं। इसलिए मैं मैदान पर जाऊंगी, अपना समय लूंगी और खेल का आनंद लेने की कोशिश करूंगी। ‘’
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.