भारत में इलेक्ट्रिक कारों का मार्केट जल्द ही और दिलचस्प होने वाला है। दरअसल, चीन की दिग्गज कार निर्माता BYD अपनी प्रीमियम ब्रांड Denza को 2026 के अंत तक भारत में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।
2.7 सेकेंड में 100 की रफ्तार
डेन्जा Z9 GT की सबसे बड़ी खासियत इसका ट्राई-मोटर सेटअप है। इसमें एक इलेक्ट्रिक मोटर आगे और दो मोटर पीछे के पहियों को पावर देती हैं। तीनों मोटर मिलकर 850kW यानी लगभग 1,140bhp की ताकत पैदा करती हैं। इसका अधिकतम टॉर्क 1,210Nm है। करीब 2.9 टन वजन के बावजूद यह कार महज 2.7 सेकेंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 270 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है।
600 KM तक मिलेगा रेंज
डेन्जा Z9 GT में 122.5kWh की सेकेंड जेनरेशन ब्लेड बैटरी दी गई है। बता दें कि BYD की Cell-to-Body तकनीक के जरिए बैटरी को कार के स्ट्रक्चर में ही शामिल किया गया है। कंपनी करीब 600 किलोमीटर की WLTP रेंज का दावा करती है। इसकी सबसे खास बात फ्लैश चार्जिंग तकनीक है। सही चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर मिलने पर कार 1,500kW तक की चार्जिंग ले सकती है। कंपनी का दावा है कि 10 से 70 पर्सेंट चार्ज सिर्फ 5 मिनट में और 10 से 97 पर्सेंट चार्ज 9 मिनट में हो सकता है।
कार में हाईटेक फीचर्स की भरमार
डाइमेंशन की बात करों तो Z9 GT की लंबाई 5,180mm, चौड़ाई 1,990mm और व्हीलबेस 3,125mm है। इसमें एयर सस्पेंशन के साथ रियर-व्हील स्टीयरिंग दिया गया है, जिससे इतनी बड़ी कार को मोड़ना आसान होता है। यह खास सिस्टम जरूरत पड़ने पर कार को साइड में क्रैब की तरह चलने में भी मदद कर सकता है। कार में पांच स्क्रीन वाला केबिन, कैमरा-बेस्ड एक्सटीरियर मिरर, मसाज, हीटिंग और वेंटिलेशन जैसे फीचर्स मिलते हैं।
डेन्जा आउटलेट शुरू होने की उम्मीद
डेन्जा को BYD अपने मौजूदा Atto 3, eMAX 7, Seal और Sealion 7 से ऊपर प्रीमियम ब्रांड के तौर पर पेश करेगी। भारत में Z9 GT के साथ D9 लग्जरी MPV भी शुरुआती मॉडल में शामिल हो सकती है। दोनों के लिए दिल्ली-NCR और मुंबई जैसे बड़े लग्जरी कार बाजारों में अलग डेन्जा आउटलेट शुरू किए जाने की उम्मीद है। करीब 1.2 करोड़ रुपये की शुरुआती कीमत पर Z9 GT का मुकाबला एक अलग परफॉर्मेंस-EV सेगमेंट में होगा। डेन्जा के लिए सबसे बड़ा सवाल ब्रांड की पहचान होगा, लेकिन 1,140bhp की ताकत, हाईटेक फीचर्स और तेज चार्जिंग इसकी सबसे बड़ी ताकत बन सकते हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.