भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को सुनील गावस्कर ने नेक सलाह दी है। अपने एक कॉलम में लिखा है कि क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) की भूमिका को बढ़ाया जाना चाहिए और इसमें सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली जैसे खिलाड़ियों को शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने और भी बड़े नाम गिनाए हैं।
गावस्कर ने अपने कॉलम में लिखीं ये बातें
गावस्कर ने मिड-डे के लिए अपने कॉलम में लिखा “चयन समितियों और सीएसी के अलावा बीसीसीआई में आज कोई समिति नहीं है। शायद अब समय आ गया है कि सीएसी का दायरा बढ़ाया जाए और चयनकर्ताओं और कोचों के चयन के साथ-साथ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैचों के शेड्यूल और भारतीय क्रिकेट से संबंधित सभी चीजों पर भी ध्यान दिया जाए। कुछ बेहद अनुभवी पूर्व क्रिकेटर हैं जिनकी विशेषज्ञता का उपयोग इस समिति में किया जा सकता है।” उन्होंने आगे लिखा, “सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली, रवि शास्त्री, अनिल कुंबले, हरभजन सिंह, वीरेंद्र सहवाग जैसे नामों के बारे में क्या ख्याल है? अध्यक्ष और सचिव भी वहां मौजूद रहेंगे।”
1985 में भारत को चैंपियनशिप जिताने वाले गावस्कर ने कहा कि जब द्रविड़ और तेंदुलकर जैसे खिलाड़ी मुख्य कोच और एनसीए के प्रमुख से बातचीत करेंगे, तो उसका महत्व और भी बढ़ जाएगा। उन्होंने बीसीसीआई से महिला क्रिकेट के लिए भी इसी तरह की समिति गठित करने का आग्रह किया। गावस्कर ने लिखा- “जब यह समिति कोच, कप्तान और एनसीए के प्रमुख से बातचीत करती है, तो इसका प्रभाव अतुलनीय होता है। महिला क्रिकेट के लिए भी ऐसी ही एक समिति होनी चाहिए, जहां अनुभव और विशेषज्ञता मिलकर भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाने के लिए निर्णय लें।” उन्होंने अपनी बात समाप्त करते हुए अंत में लिखा- “इसके बारे में सोचते ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं। क्या यह कभी सच होगा, या यह सिर्फ एक सपना है?”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.