प्रतिभाशाली पहलवान नीशू ने सोमवार को यहां सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए आयोजित राष्ट्रीय चयन ट्रायल में 53 किग्रा वर्ग में जीत हासिल कर एशियाई खेलों के लिए चुनी गई अंतिम पंघाल के खिलाफ फाइनल मुकाबला तय किया। नीशू ने इंदिरा गांधी स्टेडियम में बेहद कड़े मुकाबले में थिश्का को हराकर 53 किग्रा वर्ग में जीत दर्ज की। नीशू और अंतिम पंघाल के बीच होने वाला फाइनल ट्रायल यह तय करेगा कि 24 अक्टूबर से एक नवंबर तक कजाखस्तान के अस्ताना में होने वाली सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में 53 किग्रा वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व कौन करेगा।
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) की चयन नीति के तहत सोमवार के ट्रायल में जीतने वाले पहलवानों को एशियाई खेलों के लिए चुने गए पहलवानों को सीनियर विश्व चैंपियनशिप में जगह बनाने के लिए अंतिम ट्रायल में चुनौती देने का मौका मिलेगा। यह अंतिम ट्रायल बाद में आयोजित किया जाएगा। चार गैर-ओलंपिक भार वर्गों के ट्रायल भी बाद में आयोजित किए जाएंगे।
दो बार की अंडर-20 विश्व चैंपियन काजल ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 76 किग्रा वर्ग के फाइनल में शिक्षा को हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया। सिमरन ने संयमित प्रदर्शन करते हुए स्वाति शिंदे को कड़े मुकाबले में हराकर 57 किग्रा वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं 50 किग्रा वर्ग के फाइनल में नीलम ने अंकुश को हराकर पहला स्थान हासिल किया।
अन्य भार वर्गों में तपस्या ने 62 किग्रा वर्ग में अंजलि को हराकर जीत दर्ज की जबकि सृष्टि ने 68 किग्रा वर्ग में बिपाशा को मात दी। डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष संजय सिंह ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘आज हुए मुकाबलों का स्तर और इनमें हुई प्रतिस्पर्धा उत्साहजनक रही। पहलवानों ने जबरदस्त दृढ़ संकल्प के साथ मुकाबला किया और दिखाया कि विभिन्न भार वर्गों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।
’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी विजेताओं को बधाई देता हूं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए उन्हें प्रतिस्पर्धा करते देखने का इंतजार कर रहा हूं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.