- Hindi News
- Lifestyle
- Chameleon Personality Explained: People pleasing Behavior | Why People Please & Lose Their Identity
- कॉपी लिंक
सवाल– मैं 27 साल का हूं और पिछले कुछ समय से एक अजीब बात नोटिस कर रहा हूं। मैं जब अपने परिवार के साथ होता हूं तो एक तरह से व्यवहार करता हूं, दोस्तों के साथ दूसरी तरह से और ऑफिस में एकदम अलग ही इंसान बन जाता हूं।
कई बार लगता है कि मैं हर जगह लोगों की अपेक्षाओं के हिसाब से खुद को बदल लेता हूं। प्रॉब्लम ये है कि मुझे समझ नहीं आता कि इनमें से असली मैं कौन हूं। मैं किस तरह का इंसान हूं, मेरी अपनी पसंद-नापसंद क्या है।
मैं खुद को नहीं जानता। इसलिए भीतर एक अजीब-सा खालीपन महसूस होता है। क्या यह पहचान से जुड़ा संकट है? मैं खुद को कैसे जानूं? मैं क्या करूं?
एक्सपर्ट– डॉ. द्रोण शर्मा, कंसल्टेंट साइकेट्रिस्ट, आयरलैंड, यूके। यूके, आयरिश और जिब्राल्टर मेडिकल काउंसिल के मेंबर।
सवाल पूछने के लिए शुक्रिया। ‘लोग क्या सोचेंगे?’ ये सवाल कुछ लोगों के जीवन और फैसलों को तय करने वाला सबसे बड़ा पैमाना है। ऐसे लोग हर माहौल में खुद को इस तरह ढाल लेते हैं कि सामने वाले को वे बिल्कुल अपने जैसे लगें। दोस्तों के बीच अलग व्यक्तित्व, ऑफिस में अलग, परिवार में अलग और पार्टनर के साथ अलग। ऊपर से वे मिलनसार, आत्मविश्वासी और हर परिस्थिति में एडजस्ट करने वाले नजर आते हैं, लेकिन अंदर–ही–अंदर वे खुद से कहते हैं—
“मुझे समझ ही नहीं आता कि असल में मैं हूं कौन।”

क्या है ‘कैमेलियन पर्सनैलिटी’?
मनोविज्ञान में इसे ‘कैमेलियन पर्सनैलिटी’ (Chameleon Personality) कहते हैं। यानी ऐसा व्यक्ति, जो हर परिस्थिति और हर व्यक्ति के मुताबिक खुद को बदल लेता है। हालांकि यह कोई मानसिक बीमारी या मनोवैज्ञानिक डायग्नोसिस नहीं है।
हर इंसान अलग-अलग परिस्थितियों में अपना व्यवहार बदलता है। हम बॉस से जिस तरह बात करते हैं, उसी तरह अपने दोस्त या परिवार से नहीं करते। यह सामाजिक लचीलापन सामान्य है और जरूरी भी।
समस्या तब शुरू होती है, जब एडजेस्टमेंट करते-करते व्यक्ति अपनी असली पहचान, पसंद, सीमाएं और मूल्य ही खोने लगता है।

कैमेलियन पर्सनैलिटी कब समस्या?
कैमेलियन पर्सनैलिटी वाले लोग बाहर से आत्मविश्वासी, मिलनसार और सहयोगी दिखाई देते हैं, लेकिन उनके भीतर काफी कॉन्फ्लिक्ट चलते रहते हैं। वे अक्सर—
- सामने सहमति जताते हैं, जबकि अंदर से असहमत होते हैं।
- दूसरों की पसंद को अपनी पसंद बताने लगते हैं।
- हर ग्रुप के हिसाब से अपने विचार बदल लेते हैं।
- अपनी इच्छा बताने से बचते हैं।
- हर अनुरोध पर ‘हां’ कह देते हैं और बाद में पछताते हैं।
- पसंदीदा व्यक्ति की लाइफस्टाइल या व्यक्तित्व की नकल करते हैं।
- अपनी सीमाएं टूटने पर भी चुप रहते हैं।
- अकेले होने पर समझ नहीं पाते कि वास्तव में उन्हें क्या पसंद है।
मनोवैज्ञानिक शोध बताते हैं कि इस तरह के व्यवहार के पीछे ये संभावित कारण हो सकते हैं–
- अप्रूवल सीकिंग (हर समय स्वीकृति पाने की चाह )
- सोशल एंग्जाइटी (सामाजिक चिंता)
- लो सेल्फ इस्टीम (कम आत्मसम्मान)
- कंफॉर्मिटी (भीड़ के अनुसार चलने, उनकी बात मानने की प्रवृत्ति)
- सेल्फ कंसेप्ट (अपनी पहचान को लेकर भ्रम)

क्यों बनती है ‘कैमेलियन पर्सनैलिटी’?
ज्यादातर मामलों में यह व्यवहार बचपन के या जीवन के पुराने अनुभवों से सीखा हुआ होता है। अगर बचपन में व्यक्ति ने यह महसूस किया हो कि—
- केवल आज्ञाकारी होने पर प्यार मिलेगा।
- गलती करने पर आलोचना होगी।
- अपनी बात रखने पर डांट पड़ेगी।
- परिवार में विरोध करना सुरक्षित नहीं है।
- स्कूल में बुलीइंग या रिजेक्शन झेलना पड़ा हो।
- कंट्रोल करने वाले रिश्तों में रहना पड़ा हो।
तो धीरे-धीरे उसके मन में यह विश्वास बैठ सकता है कि—
“अगर मैं दूसरों जैसा नहीं बनूंगा, तो लोग मुझे स्वीकार नहीं करेंगे।”
यह मानसिक चक्र कैसे चलता है?
- स्थिति– कोई व्यक्ति अपनी मजबूत राय या अपेक्षा सामने रखना चाहता है।
- मन में आया विचार– “अगर मैंने ऐसा किया, अगर असहमति जताई तो सामने वाला मुझे पसंद नहीं करेगा।”
- भावना– डर, चिंता, अपराधबोध या शर्म।
- व्यवहार– तुरंत सहमति जताना, माफी मांगना या चुप रह जाना।
- तत्काल नतीजा– तनाव कम होता है और विवाद टल जाता है।
लंबे समय में इसका असर
अगर कोई व्यक्ति हमेशा ही दूसरों से सहमति जता रहा है और अपनी असली भावनाएं नहीं बता रहा है तो लंबे समय में इसका नेगेटिव प्रभाव दिख सकता है। जैसेकि–
- मन में नाराजगी
- मानसिक थकान
- कमजोर सेल्फ बाउंड्री
- आत्मविश्वास में कमी
- अपनी पहचान खोने का एहसास

1950 के दशक का मशहूर प्रयोग
पोलिश-अमेरिकी सामाजिक मनोवैज्ञानिक सोलोमन ऐश ने 1950 के दशक में एक प्रसिद्ध प्रयोग किया। इस प्रयोग में हिस्सा ले रहे प्रतिभागियों को तीन रेखाएं दिखाई गईं। एक सीधी रेखा और तीन अन्य रेखाएं। उन्हें बताना था कि कौन-सी रेखा पहली वाली के बराबर लंबी है। इस सवाल का जवाब बेहद आसान था।
लेकिन प्रयोग में शामिल अधिकांश लोग असल में रिसर्च टीम का ही हिस्सा थे। उन लोगों ने जानबूझकर गलत उत्तर देना शुरू किया। अब असली प्रतिभागी के सामने दो विकल्प थे—
- या तो वो अपनी आंखों पर भरोसा करे।
- या वो भीड़ की बात मान ले।
इस प्रयोग का नतीजा चौंकाने वाला था। लगभग 75% लोगों ने कम-से-कम एक बार भीड़ का गलत जवाब स्वीकार कर लिया। कई लोग जानते थे कि जवाब गलत है, लेकिन वे अलग नहीं दिखना चाहते थे। कुछ लोगों को तो अपनी ही समझ पर शक होने लगा।

एक व्यक्ति भी ला सकता है फर्क
सोलोमन ऐश के प्रयोग में एक और दिलचस्प बात सामने आई। वो ये कि सिर्फ एक व्यक्ति भी फर्क ला सकता है। उन्होंने इस प्रयोग के दौरान देखा कि अगर भीड़ में सिर्फ एक व्यक्ति भी अलग राय रखता था तो बाकी लोगों के लिए भी स्वतंत्र होकर जवाब देना आसान हो जाता था।
यानी अगर सिर्फ एक भरोसेमंद दोस्त, परिवार का सदस्य, काउंसलर या थेरेपिस्ट यह कहे कि—
“तुम्हें अलग सोचने का भी अधिकार है।”
—तो व्यक्ति धीरे-धीरे अपनी सोच पर दोबारा भरोसा करना सीख सकता है।
भारतीय परिवारों के संदर्भ में इसे कैसे समझें?
भारतीय समाज में ये सब महत्वपूर्ण सामाजिक मूल्य माने जाते हैं–
- बड़ों का सम्मान
- परिवार को प्राथमिकता
- दूसरों के लिए समझौता
- सामूहिक फैसला
इसलिए हर जगह और हरेक स्थिति में दूसरे की बात मान लेना, उसके अनुसार चलना मानसिक समस्या नहीं है। असली सवाल ये है कि–
- क्या आप अपनी इच्छा से दूसरों की बात मानते हैं, या मना करने से डरते हैं?
- क्या जरूरत पड़ने पर आप सम्मानपूर्वक “नहीं” कह सकते हैं?
- क्या आप अपनी गरिमा और सीमा बचाते हुए रिश्ते निभा सकते हैं?
यदि इसका जवाब “नहीं” है, तो इस पैटर्न पर ध्यान देने की जरूरत है।
क्या आप ‘कैमेलियन पर्सनैलिटी’ हैं?
करें सेल्फ एसेसमेंट टेस्ट
यहां मैं आपको एक सेल्फ एसेसमेंट टेस्ट दे रहा हूं। नीचे ग्राफिक्स में कुल 12 सवाल हैं। आपको इन सवालों को 0 से 3 के स्केल पर रेट करना है। जैसेकि पहले सवाल के लिए अगर आपका जवाब ‘कभी नहीं’ है तो 0 नंबर दें और अगर आपका जवाब ‘लगभग हमेशा’ है तो 3 नंबर दें। अंत में अपने टोटल स्कोर की एनालिसिस करें। स्कोर का इंटरप्रिटेशन भी ग्राफिक में दिया है।

‘कैमेलियन पर्सनैलिटी’ को कैसे बदलें?
चार हफ्तों का सेल्फ हेल्प प्लान
यहां मैं आपको चार हफ्तों का एक सेल्फ हेल्प प्लान दे रहा हूं। स्टेप–बाय–स्टेप इस प्लान को फॉलो करें और प्रोग्रेस को रोज अपनी डायरी में नोट करें।
सप्ताह 1 : अपनी आदत पहचानें
हर दिन किसी एक घटना के बारे में लिखें—
- वहां क्या हुआ?
- मेरी असली राय क्या थी?
- लेकिन मैंने क्या कहा?
- मुझे किस बात का डर था?
- क्या मुझे तुरंत राहत महसूस हुई?
- बाद में इसका क्या नुकसान हुआ?
साथ ही डायरी में अपने जीवन के पांच सबसे महत्वपूर्ण मूल्य लिखें, जैसे—
- ईमानदारी
- परिवार
- स्वतंत्रता
- सीखना
- करुणा
- रचनात्मकता
आप अपने हिसाब से कुछ भी लिख सकते हैं। फिर अपने लिए जरूरी हरेक मूल्य के लिए एक छोटा कदम तय करें। जैसेकि आप खुद से कह सकते हैं–
अगर ‘ईमानदारी’ महत्वपूर्ण है, तो मैं रोज कम-से-कम एक बार ईमानदारी से अपने मन की बात जरूर कहूंगा।
दूसरा सप्ताह: अपने डर को चुनौती दें
जब भी लगे कि सामने वाला नाराज हो जाएगा तो खुद से पूछें—
- क्या मेरे डर का कोई ठोस सबूत है?
- क्या इसका उल्टा भी संभव है?
- क्या मैं बिना वजह सबसे बुरा सोच रहा हूं?
- अगर किसी और ने राय न दी होती तो मैं क्या सोचता?
- क्या मैं सचमुच सहमत हूं या सिर्फ डर रहा हूं?
फिर छोटी-छोटी शुरुआत करें—
- अपनी पसंद का खाना चुनें।
- किसी एक्टिविटी का सुझाव दें।
- किसी बात पर विनम्र असहमति जताएं।
तीसरा सप्ताह: सम्मानपूर्वक ‘ना’ कहना सीखें
ऐसे वाक्य बोलने का अभ्यास करें—
- “मैं आपकी बात समझता, लेकिन मेरी राय अलग है।”
- “धन्यवाद, लेकिन मैं इसमें शामिल नहीं हो पाऊंगा।”
- “मैं आपकी बात का सम्मान करता हूं, फिर भी मेरी पसंद अलग है।”
चौथा सप्ताह: अपनी पहचान मजबूत करें
अपनी डायरी में इन वाक्यों को पूरा करें—
- मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण है……………………………………।
- मुझे वास्तव में पसंद है………………………….।
- मैं यह बिल्कुल स्वीकार नहीं करूंगा कि………………………….।
- मैं ऐसा इंसान बनना चाहता हूं, जो……………………………………।
किसी भी बड़े फैसले से पहले खुद से ये 4 सवाल पूछें—
- अगर कोई मुझे देख नहीं रहा होता, तब भी क्या मैं यही फैसला लेता?
- क्या यह मेरे मूल्यों से मेल खाता है?
- क्या मैं यह अपनी इच्छा से कर रहा हूं या अस्वीकृति के डर से?
- अगर असहमति जताना पूरी तरह सुरक्षित होता, तो मैं क्या चुनता?
प्रोफेशनल हेल्प कब जरूरी?
शुरुआती स्तर पर इस पैटर्न को समझकर और कुछ सेल्फ-हेल्प उपाय अपनाकर काफी सुधार किया जा सकता है। लेकिन अगर इसकी वजह से मानसिक स्वास्थ्य, रिश्ते या रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होने लगे, तो प्रोफेशनल मदद लेने में देर नहीं करनी चाहिए।

अंतिम बात
याद रखें, इस पूरी एक्सरसाइज का मकसद आपको जिद्दी, बहस करने वाला या असंवेदनशील बनाना नहीं है। इसका उद्देश्य सिर्फ इतना है कि आप बिना डर के अपनी बात कह सकें। अपनी राय और अपनी असहमति व्यक्त कर सकें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
