CBSE 10th Second Board Exams 2026: सीबीएसई 10वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी होने के ठीक अगले दिन छात्रों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं या किसी विषय में पिछड़ गए हैं, उनके लिए सीबीएसई ने ‘सेकंड बोर्ड एग्जाम 2026’ का रास्ता खोल दिया है। इस नई व्यवस्था के तहत, छात्र उसी सत्र में अपने अंकों को सुधार सकते हैं। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आज, 16 अप्रैल 2026 से आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है।
CBSE के नए नियमों के मुताबिक, यह परीक्षा उन छात्रों के लिए किसी ‘संजीवनी’ से कम नहीं है जो एक या दो विषयों में कम नंबर आने की वजह से निराश थे। मुख्य परीक्षा पास कर चुके छात्र अधिकतम तीन विषयों में अपने अंक सुधारने (Improvement) के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा, कंपार्टमेंट श्रेणी में आने वाले छात्र और मुख्य परीक्षा में अनुपस्थित रहे छात्रों को भी इस परीक्षा के जरिए अपना साल बचाने का मौका दिया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस परीक्षा का सिलेबस वही रहेगा जो मुख्य परीक्षा 2026 का था, जिससे छात्रों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।
स्कूलों को अपने पात्र छात्रों की सूची यानी लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स (LOC) जमा करने के लिए 16 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक का समय दिया गया है। इस दौरान सामान्य परीक्षा शुल्क जमा करना होगा।
यदि कोई छात्र या स्कूल इस अवधि में चूक जाता है, तो 21 और 22 अप्रैल को भारी विलंब शुल्क (Late Fee) के साथ आवेदन करने का अंतिम मौका मिलेगा। इसमें भारत और नेपाल के छात्रों के लिए प्रति विषय 320 रुपये की फीस तय की गई है, जबकि लेट फीस के रूप में 2000 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
प्राइवेट कैंडिडेट्स के लिए क्या है व्यवस्था?
प्राइवेट उम्मीदवारों के लिए भी आवेदन की खिड़की आज से खुल गई है, उन्हें CBSE की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। इस बार बोर्ड ने छात्रों को गणित में ‘स्टैंडर्ड’ और ‘बेसिक’ के बीच चुनाव बदलने की अनुमति भी दी है। हालांकि, अन्य विषयों में किसी भी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
यदि कोई छात्र आवेदन करने के बाद परीक्षा में शामिल नहीं होता है, तो उसके मुख्य परीक्षा के अंकों को ही अंतिम मान लिया जाएगा। परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रहने की संभावना है।