Mod WhatsApp, Pro Instagram और अन्य अनऑफिशियल APK फाइलें डाउनलोड करना जोखिम भरा हो सकता है, क्योंकि फर्जी डाउनलोड में मैलवेयर छिपा हो सकता है। आइए आपको इसके बारे में विस्तार से बताते हैं।
Mod WhatsApp के नाम पर बड़ा खतरा
इंटरनेट पर GBWhatsApp, FMWhatsApp, YoWhatsApp और WhatsApp Plus जैसे अनऑफिशियल नामों वाली APK फाइलें मिलती हैं। इन ऐप्स को अक्सर ज्यादा प्राइवेसी, कस्टमाइजेशन या अतिरिक्त फीचर्स देने के नाम पर डाउनलोड किया जाता है। लेकिन ऐसी फाइलें Google Play Store पर उपलब्ध आधिकारिक WhatsApp ऐप की तरह सुरक्षा जांच से नहीं गुजरतीं।
सबसे बड़ा खतरा यह है कि अलग-अलग वेबसाइटों पर एक ही नाम की अलग APK फाइल मिल सकती है और आम यूजर के लिए यह पहचानना मुश्किल हो सकता है कि डाउनलोड की जा रही फाइल में कोई छेड़छाड़ की गई है या नहीं।
Pro Instagram और Instagram Plus भी बने जाल
साथ ही Instagram Pro, Instagram Plus या Instagram Mod APK जैसे नामों से भी कई वेबसाइट डाउनलोड लिंक उपलब्ध कराती हैं। इनमें एडिशनल फीचर्स, डाउनलोड ऑप्शन, ज्यादा कस्टमाइजेशन या अन्य सुविधाओं का दावा किया जा सकता है। खतरा तब बढ़ जाता है जब ऐप इंस्टॉल करने के बाद यूजर उसमें अपना Instagram यूजरनेम और पासवर्ड डाल देता है।
ऐसे APK से लॉगिन डिटेल चोरी होने का जोखिम पैदा हो सकता है। ऐसे ऐप्स के जरिए सोशल मीडिया अकाउंट हैक होने, निजी जानकारी लीक होने या फोन की सुरक्षा प्रभावित होने का डर रहता है।
YouTube Premium Mod और Spotify Mod से भी बचें
कई यूजर्स बिना सब्सक्रिप्शन प्रीमियम फीचर्स पाने के लिए YouTube Premium Mod APK, Spotify Premium Mod या Netflix Mod APK जैसी फाइलें डाउनलोड करने की कोशिश करते हैं। यही जगह साइबर अपराधियों के लिए मौका बन सकती है। किसी लोकप्रिय ऐप के नाम पर बनी फर्जी वेबसाइट यूजर को Latest Version, Premium Unlocked या All Features Frees जैसे दावों से APK डाउनलोड करने के लिए आकर्षित कर सकती है। हालांकि, डाउनलोड की गई फाइल असल में क्या करती है, इसका पता आम यूजर को आसानी से नहीं चल पाता।
बैंक अकाउंट तक पहुंच सकता है मैलवेयर
हर अनऑफिशियल APK सीधे बैंक अकाउंट खाली नहीं करती, लेकिन खतरनाक या मैलवेयर से इन्फेक्टेड ऐप फोन की सुरक्षा को कमजोर कर सकता है। यदि किसी ऐप को SMS, नोटिफिकेशन, एक्सेसिबिलिटी, स्क्रीन या अन्य संवेदनशील परमिशन मिल जाती हैं, तो जोखिम काफी बढ़ सकता है।
मैलवेयर फोन में आने वाले OTP या बैंकिंग मैसेज पढ़ने, स्क्रीन पर मौजूद जानकारी देखने या यूजर को नकली बैंकिंग पेज पर ले जाने की कोशिश कर सकता है। इसके अलावा फर्जी ऐप बैंक या UPI ऐप की तरह दिखने वाला लॉगिन पेज भी खोल सकता है और यूजर से सेंसटिव जानकारी हासिल करने की कोशिश कर सकता है।
सुरक्षित रहने का सबसे अच्छा तरीका
जहां तक संभव हो, ऐप्स को Google Play Store या संबंधित कंपनी के आधिकारिक सोर्स से ही डाउनलोड करें। किसी भी ऐप के Mod या Pro वर्जन को डाउनलोड करने से पहले यह समझना जरूरी है कि वह आधिकारिक है या नहीं। अगर आपने कोई संदिग्ध APK इंस्टॉल कर ली है, तो उसे तुरंत हटा दें, उसकी दी गई परमिशन चेक करें और अपने महत्वपूर्ण अकाउंट्स के पासवर्ड सुरक्षित करें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.